हजारीबाग में कोनार डैम के पास पूजा कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो-ट्रैक्टर में जोरदार भिड़ंत, 9 घायल
हजारीबाग में कोनार डैम के पास पूजा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो और ट्रैक्टर में भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनम ...और पढ़ें

कोनार डैम के समीप हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
HighLights
पूजा से लौट रहे 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल।
चार घायलों को हजारीबाग रेफर किया गया।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। बगोदर के सोनापहरी से पूजा अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां मंगलवार रात उस समय मातम में बदल गईं, जब कोनार डैम के समीप उनकी बोलेरो सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई।
4 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर, हजारीबाग रेफर
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। इस हादसे में बोलेरो सवार 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान दीपक कुमार, प्रेमचंद महतो, धनेश्वर महतो, चूरामन महतो, विशेश्वर महतो, साईनाथ महतो, मुकेश महतो, चिंतामन महतो और महेंद्र महतो के रूप में हुई है।
दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को विष्णुगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, चार लोगों बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद कड़ी मशक्कत कर क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ मिनट पहले तक वाहन में सवार लोग पूजा से लौटने की खुशी साझा कर रहे थे, लेकिन एक क्षण में ही सब बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।