झारखंड के इस गांव में पहली बार पहुंची बिजली, ग्रामीणों ने ट्रेडिशनल डांस से किया विधायक का स्वागत
हजारीबाग के चौपारण स्थित अंबाडीह टोला में दशकों के इंतजार के बाद बिजली पहुंची, जिसका उद्घाटन विधायक मनोज कुमार यादव ने किया। गांव में पहली बार बिजली आ ...और पढ़ें

विधायक का स्वागत करते हुए ग्रामीण। फोटो जागरण
HighLights
अंबाडीह टोला में दशकों बाद पहुंचा बिजली कनेक्शन।
विधायक मनोज यादव ने किया विद्युतीकरण का उद्घाटन।
ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य से विधायक का स्वागत किया।
संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। करमा पंचायत के असनाचुवां स्थित आदिवासी बहुल अंबाडीह टोला में दशकों का इंतजार सोमवार को समाप्त हो गया। विधायक मनोज कुमार यादव ने गांव में संपन्न हुए विद्युतीकरण कार्य का उद्घाटन किया। पहली बार गांव में बिजली पहुंचने और घरों में बल्ब जलने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
गांव पहुंचने पर विधायक का ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य, मांदर और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान अंबाडीह टोला को बिजली उपलब्ध कराने का जो वादा किया था, उसे पूरा कर उन्हें संतोष है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे। जबकि विधायक प्रतिनिधि एवं मुखिया प्रतिनिधि राजदेव यादव ने कहा कि वर्षों से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित अंबाडीह अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ गया है।
ग्रामीण बलिराम मुंडा और महेंद्र मुंडा ने कहा कि आजादी के कई दशक बाद गांव में बिजली पहुंची है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन काफी आसान हो जाएगा। इस अवसर पर रामचंद्र सिंह, नरेश यादव, गौतम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।