Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिना अंगूठा लगाए खाते से 58 हजार रुपये गायब, हजारीबाग में बैंक की लापरवाही उजागर

    Updated: Wed, 07 Jan 2026 04:47 PM (IST)

    हजारीबाग के बरकट्ठा में एक गृहिणी कुंती देवी के खाते से बिना अंगूठा लगाए 58,600 रुपये अवैध रूप से निकाल लिए गए। बैंक की लापरवाही से किसी अन्य व्यक्ति ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. गृहिणी के खाते से बिना अंगूठा 58,600 रुपये की निकासी।

    2. बैंक की गलती से दूसरे का आधार खाते से लिंक हुआ।

    3. शाखा प्रबंधक ने राशि वसूली और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

    संवाद सूत्र, बरकट्ठा (हजारीबाग)। थाना क्षेत्र में बैंकिंग सिस्टम की गंभीर लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम परबत्ता निवासी गृहिणी कुंती देवी, पति राजेश शर्मा, के बचत खाते से बिना अंगूठा लगाए 58 हजार 600 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।

    इस घटना के बाद पिछले तीन दिनों से पीड़िता और उसका परिवार बैंक के चक्कर काटने को मजबूर रहा। पीड़िता के अनुसार वह न तो कभी झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक बरकट्ठा शाखा गई और न ही किसी बीसी पॉइंट पर अंगूठा लगाया, इसके बावजूद उनके बचत खाता संख्या 22022175597 से आधार आधारित प्रणाली के जरिए पांच बार 10-10 हजार रुपये और एक बार 8,600 रुपये की निकासी कर ली गई।

    यह निकासी बरकट्ठा ग्रामीण बैंक के बीसी पॉइंट (कोड आइजीएसआरजी4059) से की गई। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने पूर्व मुखिया बसंत साव और समाजसेवी दर्शन सोनी को अपनी आपबीती सुनाई। जब बीसी संचालक पंचम पांडे से पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उक्त खाते से आधार आधारित भुगतान के जरिए लगभग 58 हजार रुपये निकाले गए हैं।

    गलती से दूसरे का आधार हो गया था लिंक 

    इसके बाद जब पीड़िता बैंक पहुंची और शाखा प्रबंधक मो. अफजल खां से मामले की जांच कराई गई, तो पता चला कि कुंती देवी के खाते में किसी अन्य व्यक्ति का आधार नंबर गलती से लिंक हो गया था।

    खबरें और भी

    इसी कारण फूलों देवी नामक महिला द्वारा यह राशि निकाल ली गई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि दूसरे बैंक के मर्जर के दौरान इस तरह की तकनीकी गड़बड़ियां सामने आई थीं, लेकिन इस प्रकार की निकासी का यह पहला मामला है।

    प्रबंधक ने पीड़िता को आश्वस्त किया कि अवैध रूप से निकाली गई राशि की रिकवरी कराई जाएगी और पूरे मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बाल्की यादव, रामेश्वर यादव, महेश मंडल, दीपक सोनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।