हजारीबाग में बदलेगी पर्यटन की सूरत: सूर्यकुंड बनेगा आदर्श स्थल, मां शाकेश्वरी धाम का होगा कायाकल्प
उपायुक्त हेमंत सती ने सूर्यकुंड को आदर्श पर्यटन स्थल बनाने और पाताल सूर्य धाम को अधिसूचित करने के निर्देश दिए। वहीं, सांसद मनीष जायसवाल ने केरेडारी के ...और पढ़ें

उपायुक्त ने बरकट्ठा में पर्यटन विकास का किया निरीक्षण। (फोटो: जागरण)
HighLights
उपायुक्त ने बरकट्ठा में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
सूर्यकुंड को आदर्श पर्यटन स्थल बनाने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने शाकेश्वरी धाम में टाइल्स लगाने की घोषणा की।
संवाद सूत्र, बरकट्ठा/केरेडारी (हजारीबाग)। उपायुक्त हेमंत सती ने शुक्रवार मई को बरकट्ठा प्रखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सरकारी अस्पतालों के साथ प्रसिद्ध सूर्यकुंड का भी निरीक्षण किया और वहां पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने गर्म कुंड के जल के समुचित उपयोग, परिसर की साफ-सफाई तथा पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इस स्थल को पर्यटन की दृष्टि से आदर्श स्थल के रूप में विकसित किया जाए।
साथ ही परिसर में ओपन जिम की स्थापना, जल निकासी की उचित व्यवस्था तथा पर्यटकों के ठहराव के लिए बने काटेज में जिला परिषद द्वारा दो वीआईपी कक्ष सोलर आधारित वैकल्पिक व्यवस्था के साथ विकसित किए जाएं।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने बरकट्ठा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित पाताल सूर्य धाम का भी निरीक्षण किया और इसे पर्यटन विभाग में ‘सी’ श्रेणी में अधिसूचित कराने हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने एक ग्रामीण घर में जाकर नल-जल योजना एवं विद्युत मीटर की स्थिति की भी जांच की और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की।
अंत में प्रखंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, बरही एसडीओ जोहन टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
शाकेश्वरी धाम पहुंचे सांसद, मंदिर में सुधार की घोषणा
केरेडारी प्रखंड के पंचायत पचड़ा स्थित प्राचीन धार्मिक स्थल मां शाकेश्वरी धाम में आयोजित पांच दिवसीय श्रीश्री 1008 शतचंडी महायज्ञ शनिवार को हवन-पूजन के साथ संपन्न हो गया।
महायज्ञ के समापन अवसर पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल अपने समर्थकों के साथ यज्ञ स्थल पहुंचे और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सांसद ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
मंदिर के फर्श में टाइल्स लगाने सहित अन्य आवश्यक कार्य अपने निजी खर्च से कराने की घोषणा की। घोषणा से यज्ञ समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने सांसद की पहल की सराहना करते हुए इसे धार्मिक स्थल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। महायज्ञ के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
इस मौके पर प्रमुख सुनीता देवी, उप प्रमुख अमेरिका महतो, मुखिया महेश प्रसाद, प्रेमरंजन पासवान समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।