Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हजारीबाग में हाथियों का तांडव, स्कूल में घुसे, एमडीएम राशन खाया और स्कॉर्पियो तोड़ी

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 04:08 PM (GMT+05:30)

    हजारीबाग के बेहराबाद में तीन जंगली हाथियों ने रातभर उत्पात मचाया, स्कूल, मध्याह्न भोजन का राशन और स्कॉर्पियो को नुकसान पहुंचाया। वन विभाग ने ग्रामीणों ...और पढ़ें

    बेहराबाद में तीन जंगली हाथियों का रातभर उत्पात।

    बेहराबाद में तीन जंगली हाथियों का रातभर उत्पात।

    HighLights

    1. तीन जंगली हाथियों ने बेहराबाद में उत्पात मचाया।

    2. स्कूल को तोड़ा, मध्याह्न भोजन का चावल-आलू खाया।

    3. एक व्यक्ति पर हमला, स्कॉर्पियो और फसलों को नुकसान।

    संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही प्रखंड की भंडारो पंचायत स्थित बहराबाद पांडे टोला में मंगलवार देर रात तीन जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बहराबाद में घुसकर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के लिए रखा करीब डेढ़ क्विंटल चावल और 14-15 किलो आलू खा लिया तथा विद्यालय परिसर में भारी तोड़फोड़ की।

    इस दौरान वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सह समाजसेवी वीरेंद्र पांडे पर भी एक हाथी ने हमला कर दिया। सूंड से पटके जाने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दौड़कर पास के सामुदायिक भवन की छत पर चढ़ गए, जिससे उनकी जान बच सकी।

    विद्यालय व घरों में तोड़फोड़, स्कॉर्पियो को किया क्षतिग्रस्त

    हाथियों ने विद्यालय के एक कमरे का दरवाजा तोड़कर भीतर रखी कुर्सियाँ, टेबल और अलमारी क्षतिग्रस्त कर दीं। इसके अलावा अन्य छह कमरों के दरवाजों को भी नुकसान पहुंचाया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार पांडे ने बताया कि हाथियों ने उनके खेत में लगी भिंडी, नेनुआ सहित अन्य सब्जियों की फसलों को रौंद डाला।

    वहीं, झुंड ने वीरेंद्र पांडे के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो को कई बार धक्का मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और उसकी टेल लाइट तोड़ दी। हाथियों ने मंटू पांडे की राशन दुकान का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, बम-बम कुमार पांडे के घर का मुख्य गेट क्षतिग्रस्त कर दिया।

    सुशील पांडे के केले के बागान सहित कई किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया। शोर सुनकर बाहर निकली एक महिला को भी हाथियों ने खदेड़ा, लेकिन वह समय रहते घर में छिपकर सुरक्षित बच गई।

    अहले सुबह बिजैया जंगल की ओर खदेड़े गए हाथी

    घटना की सूचना मिलते ही बरही वन विभाग की टीम तीन गश्ती वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से रातभर चले अभियान के बाद बुधवार अहले सुबह हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह झुंड बरकट्ठा की ओर से बरही क्षेत्र में दाखिल हुआ था।

    दोपहर तक तीनों हाथियों के बिजैया जंगल में मौजूद होने की सूचना थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने, हाथियों की नियमित निगरानी करने और क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

    खबरें और भी