Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हजारीबाग में सनसनी: ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, केदारनाथ जाने की तैयारी में था परिवार

    Updated: Tue, 09 Jun 2026 07:04 PM (IST)

    हजारीबाग के बरही में करसो पुल के पास एक ज्वेलरी व्यवसायी विक्की सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले थे; पुलिस ने मामले ...और पढ़ें

    ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, केदारनाथ जाने की तैयारी में था परिवार

    ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, केदारनाथ जाने की तैयारी में था परिवार

    HighLights

    1. बरही में ज्वेलरी व्यवसायी विक्की सोनी की गोली मारकर हत्या।

    2. केदारनाथ यात्रा पर जाने की तैयारी में थे मृतक विक्की।

    3. पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की, संदिग्धों से पूछताछ जारी।

    संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही थाना अंतर्गत करसो पुल के समीप बीती मध्य रात्रि के करीब अज्ञात अपराधियों ने एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी न्यू एरिया निवासी विक्की सोनी (पिता: स्व. देवनंदन सोनी) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

    बताया जाता है कि विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक कुमार सोनी के साथ इयोन कार (जेएच-02 एई-0232) से हजारीबाग से कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में बरही के करसो पुल के पास कार का टायर पंचर हो गया। जब दोनों सड़क किनारे वाहन का टायर बदल रहे थे, इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।

    अभिषेक कुमार के अनुसार, उनमें से एक युवक बाइक से उतरा और विक्की सोनी के गले में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विक्की को तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    केदारनाथ यात्रा पर जाने की थी तैयारी

    मृतक के दोस्तों ने बताया कि विक्की सोनी अपने चार अन्य मित्रों के साथ कोडरमा स्टेशन से दून एक्सप्रेस पकड़कर केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले थे। सभी मित्र स्टेशन पर मिलने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना घट गई।

    खबरें और भी

    सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

    कोर्रा चौक पर चलाते थे ज्वेलरी व बर्तन की दुकान

    परिजनों के अनुसार, विक्की सोनी हजारीबाग के कोर्रा चौक स्थित 'देवनंदन ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान' का संचालन करते थे। वह चार भाइयों और दो बहनों में शामिल थे। परिवार वालों ने बताया कि उनकी शादी की बातचीत भी चल रही थी।

    इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के दिशा-निर्देश पर एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है। टीम में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार, गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। मंगलवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच की है।

    एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि मामले की गंभीरतापूर्वक जांच की जा रही है। इस दौरान कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

    बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में बरही थाना कांड संख्या 186/26 दर्ज किया गया है। मृतक के बड़े भाई सुरेंद्र सोनी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।