हजारीबाग में एक एकड़ जमीन पर मचा घमासान, पूर्व मंत्री और विधायक आमने-सामने; बेटे की शादी के पंडाल से जुड़ा विवाद
हजारीबाग के दिनकर नगर और सूर्यनगर में एक एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। पूर्व ...और पढ़ें

हजारीबाग में सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप। जागरण
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। शहर के दिनकर नगर और सूर्यानगर में प्लॉट संख्या 874 की करीब एक एकड़ जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। जमीन पर कथित कब्जे, नगर निगम की नाली बंद करने और हरे-भरे पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों के बीच मोहल्लेवासियों ने उपायुक्त से लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं लोगों ने इससे पूर्व भी संबंधित विवाद को लेकर बडा बाजार थाना में आवेदन दिया था, जिसे लेकर पूर्व मंत्री के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। अब मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। वार्ड पार्षद विकास यादव और सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साव पर आरोप लगाए हैं, जबकि श्री साव ने भी विधायक पर पलटवार किया है।
आवेदन में किए गए शिकायत के अनुसार दोनों मोहल्लों के दक्षिण में स्थित जमीन गैरमजरूआ खास है। इसी क्षेत्र से घरों का गंदा पानी नगर निगम की नाली से निकलता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विगत 14 अक्टूबर को जेसीबी से नाली बंद करने और निर्माण गतिविधियां शुरू करने का प्रयास किया गया। विरोध के बाद मशीन हटा ली गई।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इसके बाद योगेंद्र साव समर्थकों के साथ पहुंचे और अपने बेटे की शादी का पंडाल वहां लगाने की बात कही। जमीन की बंदोबस्ती और स्वामित्व की पुष्टि राजस्व अभिलेखों से होनी बाकी है।
विवाद में अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि शहर की जनता जमीन पर कब्जे की कोशिश बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं वार्ड पार्षद विकास यादव ने बताया कि जमीन को सार्वजनिक उपयोग में लाने के लिए नगर निगम में प्रस्ताव दिया गया है।
उन्होंने योगेंद्र साव पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया। जवाब में योगेंद्र साव ने विधायक पर जंगल की जमीन को कथित जाली हुकुमनामे के आधार पर बेचने का आरोप लगाया। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- हजारीबाग में खासमहल की 50 डिसमिल जमीन पर फिर बवाल, रात में जेसीबी से तोड़फोड़ का पूर्व मंत्री पर लगा आरोप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।