हजारीबाग में अंग्रेजी शराब की 864 बोतल बरामद, बिहार भेजी जा रही थी बड़ी खेप; 3 तस्कर गिरफ्तार
हजारीबाग पुलिस ने चौपारण में बिहार भेजी जा रही 864 पीस अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार कर दो कारें भी जब्त की ग ...और पढ़ें

हजारीबाग पुलिस ने चौपारण में अवैध शराब पकड़ी। जागरण
HighLights
हजारीबाग पुलिस ने चौपारण में अवैध शराब पकड़ी।
बिहार भेजी जा रही 864 बोतलें जब्त की गईं।
संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। हजारीबाग पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही 864 पीस अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शराब की ढुलाई में प्रयुक्त दो कारों को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 जुलाई को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार से अवैध अंग्रेजी शराब लाकर दूसरे वाहन में लोड कर बिहार भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस टीम चौपारण थाना क्षेत्र में जीटी रोड से करीब 500 मीटर आगे पहुंची, जहां दो कारें खड़ी मिलीं। दोनों वाहनों की डिक्की खुली थी और कुछ लोग एक कार से शराब निकालकर दूसरी कार में लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीन लोगों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चौपारण के दबगर मुहल्ला निवासी सोनू कुमार दास (35) तथा बिहार के गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसनैनी गांव निवासी आशीष कुमार यादव (20) और सोनू कुमार यादव (20) के रूप में हुई है। पूछताछ में बिहार के दोनों युवकों ने शराब खरीदकर अपने गांव ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने सफेद रंग की हुंडई वर्ना और एक अल्टो कार की तलाशी ली।
खबरें और भी
जांच के दौरान ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 18 पेटियों में कुल 864 पीस अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपित शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने शराब के साथ दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौपारण निवासी सोनू कुमार दास अपनी हुंडई वर्ना कार से अवैध शराब बिहार के खरीदारों तक पहुंचाने का काम करता था। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी अभियान में एसडीपीओ बरही राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक बादल महतो तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध सामान और वाहनों की बरामदगी की। मौके से ऑफिसर चॉइस ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 18 पेटियां, जिनमें कुल 864 बोतलें (पीस) थीं, जब्त की गईं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई वर्ना कार और एक अल्टो कार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली। बरामद शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।