हजारीबाग में बिजली संकट: विधायकों की चेतावनी, 72 घंटे में सुधार नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
हजारीबाग और बड़कागांव में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक प्रदीप प्रसाद और रोशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के अधिकारियों ...और पढ़ें
-1779448082030_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हजारीबाग। भीषण गर्मी के बीच हजारीबाग और बड़कागांव में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर जनता का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। लो-वोल्टेज, घंटों अघोषित बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग बिजली संकट से बेहाल हैं। कई क्षेत्रों में पंखे और कूलर केवल शोपीस बनकर रह गए हैं, जबकि रातभर बिजली गुल रहने से लोगों की नींद हराम हो गई है।
जनता की बढ़ती नाराजगी और लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद और बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह एवं विभागीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।
बैठक में दोनों विधायकों ने बिजली संकट का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने कड़े तेवर अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी 72 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, विभाग को धरातल पर परिणाम दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।
विद्यार्थी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, व्यापारी परेशान हैं, किसान सिंचाई कार्य नहीं कर पा रहे और मरीजों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग शहर से लेकर गांवों तक लोग बिजली संकट से त्रस्त हैं और विभागीय लापरवाही के कारण जनता में भारी नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो विभागीय कार्यालयों का घेराव और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने भी अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि बड़कागांव क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या विकराल रूप ले चुकी है।
कई गांवों में नाम मात्र की बिजली मिल रही है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनता का गुस्सा कभी भी फूट सकता है।
दोनों विधायकों ने विभागीय अधिकारियों से जर्जर तारों को बदलने, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस पर बिजली विभाग के महाप्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने समस्या को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और अगले 24 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही हजारीबाग में कम से कम 22 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
बैठक के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर बलराम शर्मा, अशोक कुशवाह, अजीत कुशवाहा, प्रकाश कुशवाहा, शिवपाल यादव, राम अवतार शर्मा, राजेश गुप्ता, अशोक राणा, परमेश्वर यादव, अमृत पासवान, राजू महतो, पवन गिरि, गुडिया देवी, डॉली देवी, रेखा देवा, दिलीप साव, पिंटू साहू, बजरंगी ठाकुर, मनोज कुशवाहा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।