हजारीबाग के सरकारी स्कूल में चोरों ने अंडा बनाकर की शराब पार्टी, मिड-डे मील का राशन और बायोमेट्रिक मशीन गायब
कटकमसांडी के सरकारी प्राथमिक विद्यालय बलियाद में चोरों ने रसोई का दरवाजा तोड़कर चावल, गैस सिलेंडर और बायोमेट्रिक मशीन चुरा ली। चोरों ने वारदात से पहले ...और पढ़ें

रकारी प्राथमिक विद्यालय बलियाद। फोटो जागरण
HighLights
कटकमसांडी के सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात।
चावल, गैस सिलेंडर, बायोमेट्रिक मशीन की चोरी।
चोरों ने स्कूल परिसर में की शराब पार्टी।
संवाद सूत्र, कटकमसांडी (हजारीबाग)। प्रखंड क्षेत्र के गदोखर पंचायत के सरकारी प्राथमिक विद्यालय बलियाद में चोरी की वारदात से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अज्ञात चोरों ने विद्यालय की रसोई का दरवाजा तोड़कर मध्याह्न भोजन के लिए रखा चावल, गैस सिलेंडर, बायोमेट्रिक मशीन समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
इतना ही नहीं, घटना के बाद विद्यालय परिसर में शराब पीने और अंडा बना कर खाना खाने के अवशेष भी मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात के दौरान विद्यालय परिसर में ही जमकर उत्पात मचाया।
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया नारायण साव,विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, इम्तियाज खान उर्फ बाबू एवं प्रधानाध्यापक प्रभारी मोसरत जाहां ने विद्यालय का निरीक्षण किया।
जांच में रसोई का दरवाजा टूटा मिला तथा आवश्यक सामान गायब पाया गया। परिसर में बिखरे खाने-पीने के सामान और शराब सेवन के साक्ष्य मिलने के बाद पूरे मामले की सूचना ओ पी पेलावल थाना प्रभारी विटटू रजक को दी गई।
घटना की जांच की मांग
विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से ओ पी पेलावल थाना प्रभारी विटटू रजक को लिखित आवेदन सौंपकर घटनास्थल की जांच कराने, चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।
खबरें और भी
आवेदन में कहा गया है कि असामाजिक तत्वों ने विद्यालय की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ शिक्षा के माहौल को भी प्रभावित किया है।
जांच में जुटी पुलिस
चोरी की घटना से विद्यालय की मध्याह्न भोजन व्यवस्था और बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली प्रभावित होने की आशंका है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ओ पी पेलावल थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।