विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में छात्र-पुलिस झड़प मामले में 700 लोगों पर FIR दर्ज, 200 लोगों की हुई पहचान

Published: Sun, 23 Aug 2026 08:46 AM (IST)

हजारीबाग के गांधी मैदान में छात्र-पुलिस झड़प मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। करीब 700 लोगों के ...और पढ़ें

गांधी मैदान में छात्र-पुलिस झड़प के बाद कार्रवाई तेज।

गांधी मैदान में छात्र-पुलिस झड़प के बाद कार्रवाई तेज।

HighLights

  1. गांधी मैदान में छात्र-पुलिस झड़प के बाद कार्रवाई तेज।

  2. करीब 700 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी।

संवाद सूत्र, हजारीबाग। गांधी मैदान में शुक्रवार को छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना को लेकर कोर्रा थाना में करीब 700 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वहीं, पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल करीब 200 लोगों की पहचान कर ली है। पुलिस अब झड़प और उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। बताया गया कि गांधी मैदान में शुक्रवार को छात्र संगठन की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई। घटना में कुछ छात्रों और एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना सामने आई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घटना स्थल पर तैनात मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर कोर्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में करीब 700 लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस अब इनमें से उन लोगों की पहचान कर रही है, जिनकी भूमिका झड़प, उपद्रव या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में रही।

वीडियो फुटेज से हो रही पहचान

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए मोबाइल वीडियो और अन्य उपलब्ध वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा है। इन फुटेज के आधार पर करीब 200 लोगों की पहचान किए जाने की बात कही गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि झड़प की शुरुआत कैसे हुई और किन लोगों की इसमें प्रत्यक्ष भूमिका रही।

इसके अलावा पुलिस घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जुटा रही है। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपद्रव में शामिल लोगों की धर-पकड़ के लिए भी कार्रवाई तेज कर रही है कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एसपी अमन कुमार ने बताया कि गांधी मैदान में हुए उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पहचान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई न हो और वास्तविक रूप से घटना में शामिल लोगों की पहचान हो, इसके लिए उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।