हजारीबाग में घर का ताला तोड़कर 5 लाख की चोरी, सोने के जेवर और नकदी ले उड़े चोर; खोजी कुत्ते से जांच
कटकमसांडी के शाहपुर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण ...और पढ़ें

शाहपुर गांव में घर से पांच लाख की चोरी। जागरण
HighLights
शाहपुर गांव में घर से पांच लाख की चोरी।
चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराई।
संवाद सूत्र, कटकमसांडी (हजारीबाग)। थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे से 14 अगस्त की सुबह पांच बजे के बीच की बताई जा रही है।
मामले को लेकर शाहपुर निवासी ममता देवी ने 14 अगस्त को कटकमसांडी थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों में नेकलेस, मंगलसूत्र, झुमका, मांगटीका और अंगूठी शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 270 ग्राम वजन की दो जोड़ी चांदी की पायल और 10 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने कटकमसांडी थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। चोरों तक पहुंचने और संभावित सुराग जुटाने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्ते की भी मदद ली। खोजी कुत्ते को घटनास्थल पर ले जाकर आसपास के क्षेत्रों में जांच कराई गई। कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
