नशे के कारोबार पर हजारीबाग पुलिस का शिकंजा, ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत भेजा गया जेल
हजारीबाग में नशे के खिलाफ अभियान के तहत पेलावल ओपी पुलिस ने एक युवक को 13.20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पीयूष कुमार के ...और पढ़ें

हजारीबाग में 13.20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार।
HighLights
हजारीबाग में 13.20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार।
पेलावल ओपी पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में सफलता पाई।
संवाददाता जागरण, हजारीबाग। हजारीबाग जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पेलावल ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल सवार युवक को 13.20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना कांड संख्या 121/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पियूष कुमार (20), पिता अशोक दॉगी, निवासी गिद्धौर ब्लॉक मोड़, थाना गिद्धौर, जिला चतरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.20 ग्राम ब्राउन शुगर, ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल (संख्या जे एच 02ए बी 0905) तथा काले-भूरे रंग का एक पीठू बैग बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) अरमानुल हक ने किया। अभियान में पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन महथा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, पुलिस अवर निरीक्षक राजदीप कुमार, श्यामजीत किस्कू तथा आरक्षी सुधीर कुमार राय और दसुआ उरांव शामिल थे।
ओ पी पेलावल थाना प्रभारी विटटू रजक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हुई और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।