Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हजारीबाग में करंट का कहर: पिता को तड़पता देख बचाने दौड़ी 8 साल की मासूम, चपेट में आया पूरा परिवार

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 07:30 PM (IST)

    हजारीबाग के चौपारण में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी बेटी, पत्नी, पिता और चाची समेत चार लोग घायल हो गए। ...और पढ़ें

    करंट का कहर: पिता को तड़पता देख बचाने दौड़ी 8 साल की मासूम, चपेट में आया पूरा परिवार

    करंट का कहर: पिता को तड़पता देख बचाने दौड़ी 8 साल की मासूम, चपेट में आया पूरा परिवार

    HighLights

    1. चौपारण में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत।

    2. बचाने के प्रयास में परिवार के चार सदस्य घायल।

    3. गांव में शोक का माहौल, बिजली सुरक्षा पर जोर।

    संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड के बरहमोरिया गांव में सोमवार दोपहर करंट लगने से एक अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी आठ वर्षीय बेटी, पत्नी, पिता और चाची समेत चार लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।

    इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। अस्पताल में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं, गांव में शोक पसर गया।

    बता दें कि बरहमोरिया निवासी नरेश भुइंया अपने घर के समीप स्थित कुएं के पास अपनी आठ वर्षीय बेटी ईशा कुमारी के साथ थे। इसी दौरान कुंआ में लगे मोटर के तार से प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए। पिता को तड़पता देख मासूम बेटी उन्हें बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई।

    बेटी को बचाने के लिए उनकी पत्नी 35 वर्षीया रीना देवी, 60 वर्षीय पिता भुनेश्वर भुइंया और 50 वर्षीया चाची कुंजिया देवी भी कुंआ पर पहुंचे और वे सभी करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

    ग्रामीणों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक नरेश भुइंया गंभीर रूप से झुलस चुके थे।

    लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेश भुइंया को मृत घोषित कर दिया।

    वहीं, चाची कुंजिया देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार सीएचसी में इलाजरत मृतक की पत्नी, बेटी और पिता की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

    खबरें और भी

    घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला और मुखिया प्रतिनिधि महेश भुइंया अस्पताल पहुंचे तथा पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया गया।

    बता दें कि हादसे ने एक बार फिर बिजली से जुड़े कार्यों में सतर्कता बरतने और करंट लगने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से बचाव करने को लेकर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता बताई है।