Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आदित्यपुर में स्कूल के बहाने आसंगी चेक डैम नहाने गए दो किशोर डूबे, एक का शव बरामद, दूसरा लापता 

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 11:48 PM (IST)

    आदित्यपुर के आसंगी चेक डैम में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है, जो अपने माता-प ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    HighLights

    1. एक किशोर कुश कुमार का शव बरामद, दूसरा लापता।

    2. पुलिस ने मानसून में जलाशयों से दूर रहने की अपील की।

    संसू, आदित्यपुर। आरआईटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आसंगी चेक डैम में शनिवार को नहाने के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 
     
    सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बड़ा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने एक किशोर का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे किशोर की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
     

    एक की मौत, माता-पिता के इकलौते बेटे की तलाश जारी 

    नदी से बरामद शव की पहचान आदित्यपुर एस-टाइप निवासी कुश कुमार के रूप में की गई है। वहीं, लापता किशोर की पहचान उत्सव राज (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कल्पनापुरी (अशोक विहार कॉलोनी) का रहने वाला है। 
     
    उत्सव सेंट मैरिस हिंदी स्कूल का छात्र है और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र है। उसके पिता आरएसबी कंपनी में कार्यरत हैं। बेटे के लापता होने की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
     

    स्कूल जाने के बहाने घर से निकले थे दोनों दोस्त

    प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोर शनिवार सुबह अपने घर से स्कूल जाने के बहाने निकले थे। लेकिन वे स्कूल न जाकर परिजनों को बिना बताए सीधे आसंगी चेक डैम नहाने पहुंच गए। 
     
    नहाने के दौरान दोनों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं मिला और वे सीधे गहरे पानी में समाने लगे। तट पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे असफल रहे।
     

    बरसात में जलाशयों से दूर रहें

    हादसे की खबर पाकर दोनों बच्चों के रोते-बिलखते परिजन भी डैम पर पहुंच गए। परिजन बार-बार रोते हुए यही कह रहे थे कि बच्चे इतनी दूर डैम तक कैसे आ गए। 
     
    मौके पर जुटी भारी भीड़ को नियंत्रित करते हुए आरआईटी थाना पुलिस लगातार गोताखोरों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लापता किशोर को ढूंढना उनकी प्राथमिकता है। 
     
    इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता और विशेषकर युवाओं से अपील की है कि बरसात के मौसम में चेक डैम, नदी, तालाब या किसी भी अन्य गहरे जलाशय में नहाने के लिए बिल्कुल न जाएं।