जमशेदपुर में जमीन के लालच में दिव्यांग भांजी से दरिंदगी व हत्या, सगे भाइयों पर पीड़िता ने लगाया आरोप
दीपाली दास ने अपने सगे भाइयों पर करोड़ों की पुश्तैनी संपत्ति के लालच में अपनी 29 वर्षीय दिव्यांग बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

भांजी से दरिंदगी व हत्या ( सांकेतिक तस्वीर )
HighLights
मां ने सगे भाइयों पर लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप।
करोड़ों की पुश्तैनी संपत्ति हड़पने के लिए किया गया जघन्य अपराध।
आदित्यपुर पुलिस ने शिकायत दर्ज की, जांच के लिए गांव जाएगी।
संवाद सूत्र, आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर में करोड़ों की संपत्ति के लिए रिश्तों के कत्ल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भिक्षाटन कर जीवनयापन करने वाली दीपाली दास ने अपने ही सगे भाइयों पर अपनी 29 वर्षीय दिव्यांग (अपाहिज) बेटी के साथ दुष्कर्म और फिर हत्या करने का अत्यंत गंभीर आरोप लगाया है।
सोमवार शाम आदित्यपुर थाना पहुंचकर बेसहारा मां ने न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
संपत्ति के लिए अमानवीय कृत्य
दीपाली दास के अनुसार, उसके परिवार में करोड़ों रुपये की बेशकीमती पुश्तैनी जमीन है, जिसे उसके भाई पूरी तरह से हड़पना चाहते हैं। इसी लालच में उन्होंने एक सुनियोजित और खौफनाक साजिश रची। भाइयों ने रास्ते का कांटा मानकर पहले उसकी बेबस और दिव्यांग बेटी के साथ अमानवीय कृत्य किया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
सबसे दुखद पहलू यह है कि इस जघन्य अपराध में दीपाली की अपनी मां और गांव के कुछ रसूखदार लोग भी आरोपित भाइयों का ही संरक्षण कर रहे हैं।
पागल साबित करने का कुचक्र
विदित हो कि इस परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर गहरा विवाद चल रहा है। दीपाली को संपत्ति से बेदखल करने के लिए आरोपित अब उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त (पागल) साबित करने की साजिश रच रहे हैं। इसी पारिवारिक प्रताड़ना और डर के कारण उसे अपना घर छोड़कर भिक्षावृत्ति कर पेट पालने को मजबूर होना पड़ा। अब इकलौती बेटी की छिन गई सांसों ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है।
गांव जाकर साक्ष्य जुटाएगी पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस फौरन हरकत में आ गई है। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत मिली है। आरोप बेहद गंभीर प्रकृति के हैं, इसलिए मंगलवार सुबह पुलिस की एक टीम घटनास्थल और आनंदपुर गांव का दौरा कर जमीनी हकीकत परखेगी।
खबरें और भी
पुलिस पुराने जमीन विवादों के रिकार्ड खंगालने के साथ-साथ यह भी जांचेगी कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। ग्रामीणों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।