बड़ामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन का 3 स्टेशनों पर दोबारा स्टॉपेज शुरू; हावड़ा रूट की कई ट्रेनें डायवर्ट
जनआक्रोश के बाद बड़ामपहाड़-पुरी मेमू स्पेशल ट्रेन का बहलदा रोड, छनुआ और सिदिरसाही स्टेशनों पर ठहराव बहाल कर दिया गया है। ...और पढ़ें

भारतीय रेल की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
बड़ामपहाड़-पुरी मेमू स्पेशल ट्रेन के ठहराव बहाल।
जनआक्रोश के बाद रेलवे ने लिया यह फैसला।
हावड़ा स्टेशन कार्य से कई ट्रेनें डायवर्ट।
संवाद सूत्र, रायरंगपुर। दक्षिण-पूर्व रेलवे (SER) मुख्यालय, गार्डेनरीच ने बड़ामपहाड़-पुरी-बड़ामपहाड़ मेमू स्पेशल ट्रेन का बहलदा रोड, छनुआ और सिदिरसाही रेलवे स्टेशनों पर पुनः ठहराव का आदेश जारी कर दिया है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन 23 जुलाई को बड़ामपहाड़ से पुरी जाते समय और 25 जुलाई को वापसी के दौरान इन तीनों स्टेशनों पर अपने निर्धारित समय अनुसार रुकेगी।
जनआक्रोश के बाद रेल प्रशासन ने लिया फैसला
रथयात्रा के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना के इन स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव बंद कर दिया गया था, जिससे क्षेत्र के यात्रियों और जगन्नाथ भक्तों में भारी नाराजगी थी।
पूर्व विधायक प्रह्लाद पुर्ती के नेतृत्व में स्थानीय प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे के शीर्ष अधिकारियों के नाम चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया को ज्ञापन सौंपा था।
जनभावनाओं को देखते हुए रेल प्रशासन ने ठहराव बहाल कर दिया है। पूर्व विधायक ने इस फैसले पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बाहुड़ा रथयात्रा में पुरी जाने वाले बामनघाटी क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
हावड़ा के बजाय संतरागाछी और शालीमार से खुलेंगी ट्रेनें
हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 24 पर नन-इंटर लॉकिंग और विकास कार्य के कारण 24 से 27 जुलाई तक टाटानगर-हावड़ा रूट की कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा:
- स्टील एक्सप्रेस: हावड़ा के बजाय संतरागाछी से चलेगी।
- इस्पात एक्सप्रेस: हावड़ा के बजाय शालीमार स्टेशन से अप-डाउन करेगी।
- प्रमुख ट्रेनें: अहमदाबाद एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस, दुरंतो, हटिया क्रिया योगा और शिरडी एक्सप्रेस को 24 से 26 जुलाई के बीच निर्धारित दिनों के अनुसार संतरागाछी या शालीमार स्टेशन से चलाया जाएगा।
रेलवे ने इस संबंध में हावड़ा और टाटानगर के बीच पड़ने वाले सभी प्रमुख स्टेशनों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।