चक्रधरपुर रेल मंडल में आधुनिकीकरण के कारण मौर्या और राजधानी सहित कई ट्रेंनें प्रभावित, रद ट्रेंनों की पूरी जानकारी
चक्रधरपुर रेल मंडल में संरक्षा आधुनिकीकरण कार्यों के चलते भारतीय रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों को रद कर दिया है ...और पढ़ें

क्रधरपुर रेल मंडल में संरक्षा से जुड़े आधुनिकीकरण कार्यों के चलते ट्रेंने प्रभावित।
HighLights
चक्रधरपुर रेल मंडल में संरक्षा आधुनिकीकरण कार्य चल रहा है।
जम्मू तवी, इस्पात, राजधानी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें रद्द/मार्ग परिवर्तित।
यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति जांचने की सलाह।
संवाद सूत्र, जमशेदपुर/संबलपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में संरक्षा से जुड़े आधुनिकीकरण कार्यों के चलते भारतीय रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद कर दिया है तथा कुछ का मार्ग परिवर्तित किया है।
संबलपुर रेल मंडल द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह कदम सुरक्षित व सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। आधुनिकीकरण कार्य के कारण संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस (18309) 22, 24 व 26 सितंबर को और वापसी में जम्मू तवी-संबलपुर (18310) 25, 27 व 29 सितंबर को रद्द रहेगी।
हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस 25, 27, 29 सितंबर तथा 1 व 2 अक्टूबर को और कांटाबांजी-हावड़ा 26, 28, 30 सितंबर तथा 2 व 3 अक्टूबर को नहीं चलेगी। हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस 26, 28 व 30 सितंबर को तथा वापसी में यह 27, 29 सितंबर व 1 अक्टूबर को निरस्त रहेगी।
इसके अलावा गोरखपुर-संबलपुर मौर्या एक्सप्रेस 1 अक्टूबर को, संबलपुर-गोरखपुर मौर्या 3 अक्टूबर को और पुरी-हटिया-पुरी तपस्विनी एक्सप्रेस 2 अक्टूबर को दोनों दिशाओं में पूरी तरह रद रहेगी। रद होने के अलावा कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
27 सितंबर को नई दिल्ली से प्रस्थान करने वाली नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस (20818) अपने तय रूट गोमो-पुरुलिया-राउरकेला के बजाय गोमो-आद्रा-मिदनापुर-हिजली-भद्रक के रास्ते कटक पहुंचेगी।
वहीं, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को चलने वाली पुरी-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (18477) टाटानगर-राउरकेला के स्थान पर कटक-संबलपुर सिटी-झारसुगुड़ा रोड होकर चलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वे यात्रा शुरू करने से पूर्व एनटीईएस अथवा आधिकारिक रेलवे पूछताछ सेवा से ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।
