Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धालभूमगढ़ में देरी तो चाकुलिया बनी नई उम्मीद; एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम ने तलाशी हवाई संचालन की संभावनाएं

    Updated: Sat, 11 Apr 2026 11:08 PM (IST)

    भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की टीम ने चाकुलिया और धालभूमगढ़ एरोड्रम का निरीक्षण किया, जिससे हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीदें जगी हैं। धालभूमगढ़ म ...और पढ़ें

    चाकुलिया एरोड्रम को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना के लिए सर्वे करने पहुंची टीम।

    चाकुलिया एरोड्रम को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना के लिए सर्वे करने पहुंची टीम।

    HighLights

    1. AAI टीम ने चाकुलिया-धालभूमगढ़ एरोड्रम का सघन निरीक्षण किया।

    2. धालभूमगढ़ में देरी के कारण चाकुलिया नया विकल्प बना।

    3. यह सर्वे 100 नए एयरपोर्ट योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

    संसू, चाकुलिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया और धालभूमगढ़ में हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीदें एक बार फिर जगी हैं। शनिवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की पांच सदस्यीय टीम ने दोनों एरोड्रम का सघन निरीक्षण किया। 
     
    टीम का मुख्य उद्देश्य इन स्थलों को पूर्ण विकसित एयरपोर्ट के रूप में संचालित करने की संभावनाओं और तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन करना था।
     

    डीजीएम अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ निरीक्षण 

    एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डीजीएम (एटीएम) अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने चाकुलिया सीओ नवीन पुरती और अंचल कर्मियों के साथ मुख्य रनवे का जायजा लिया। अधिकारियों ने अपने साथ लाए नक्शों के साथ मौके पर मौजूद भूमि का मिलान किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर गौर किया गया:

    •     एरोड्रम की कुल उपलब्ध भूमि और उसका वर्तमान स्वरूप।
    •     भूमि के मालिकाना हक और हिस्सेदारी का विवरण।
    •     विमान संचालन शुरू करने में आने वाली आधारभूत एवं तकनीकी कठिनाइयां।


    धालभूमगढ़ में अड़चनों के बीच चाकुलिया पर टिकी नजरें

    गौरतलब है कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का शिलान्यास 7 साल पहले हुआ था, लेकिन एलिफेंट कॉरिडोर, वन भूमि और उपासना स्थलों से जुड़ी बाधाओं के कारण वहां काम रुका हुआ है। ऐसे में चाकुलिया का 514 एकड़ में फैला विशाल एरोड्रम एक बेहतर विकल्प के रूप में उभर रहा है। 
     
    चाकुलिया अंचल कार्यालय में टीम ने राजस्व अधिकारियों के साथ जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर विस्तार से चर्चा की। केंद्र सरकार वर्ष 2036 तक देश भर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। 
     

    100 नए एयरपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य  

    योजना के तहत पुराने एरोड्रम और एयरपोर्ट का पुनरुद्धार कर संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। चाकुलिया और धालभूमगढ़ का यह सर्वे उसी मिशन का हिस्सा है, जिससे भविष्य में कोल्हान क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आ सकता है।