चाकुलिया स्टेशन पर मालगाड़ी के डिब्बे में भड़की आग, घंटों मशक्कत के बाद भी काबू पाने का प्रयास जारी
चाकुलिया स्टेशन पर एक कोयला लदी मालगाड़ी के डिब्बे में आग लग गई, जिसे बुझाने में फायर ब्रिगेड को संकरे रास्ते और पाइप की लंबाई के कारण काफी मशक्कत करन ...और पढ़ें

AI Generated Image.
HighLights
चाकुलिया स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी में आग लगी।
संकरा रास्ता और छोटे पाइप से दमकल को दिक्कत हुई।
नगर पंचायत के छोटे दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया।
संसू, चाकुलिया। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल अंतर्गत चाकुलिया स्टेशन पर सोमवार रात प्लेटफॉर्म संख्या चार पर खड़ी एक कोयला लदी मालगाड़ी के डिब्बे से अचानक आग की लपटें उठने लगी। यह मालगाड़ी चक्रधरपुर की ओर से आ रही थी और खड़गपुर के पास गोकुलपुर की तरफ जा रही थी।
स्टाफ ने देखा धुआं, बुलाई गई फायर ब्रिगेड
चाकुलिया के स्टेशन प्रबंधक केआर. मुर्मू ने बताया कि शाम को रेलवे स्टाफ ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी की एक बोगी से भारी धुआं निकलते देखा। पास जाकर निरीक्षण करने पर पता चला कि भीतर लोड कोयले में आग सुलग चुकी है।
इसके बाद आनन-फानन में बहरागोड़ा स्थित फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद रात करीब 7:45 बजे दमकल की गाड़ी स्टेशन पहुंच गई।
संकरा रास्ता के कारण रेलकर्मियों और दमकल स्टाफ में बहस
दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने के बावजूद आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। इसके पीछे एक बड़ी प्रशासनिक और व्यावहारिक लापरवाही सामने आई:
- रास्ता बेहद संकरा: जिस जगह मालगाड़ी खड़ी थी, वहां तक जाने का रास्ता काफी तंग था, जिससे भारी दमकल वाहन का अंदर जाना मुमकिन नहीं था।
- छोटा पड़ गया पाइप: दमकल की गाड़ी को स्टेशन के बाहर सड़क पर खड़ा करना पड़ा, लेकिन वहां से मालगाड़ी की दूरी इतनी ज्यादा थी कि दमकल का पानी का पाइप वहां तक पहुंच ही नहीं पाया।
- बहस हुई: स्टेशन प्रबंधक द्वारा दमकल वाहन को जबरन परिसर के अंदर घुसाने के दबाव पर दमकल का चालक तैयार नहीं हुआ, जिसे लेकर रेलकर्मियों और दमकल कर्मियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई।
नगर पंचायत के छोटे दमकल ने संभाला मोर्चा
जब बड़ा दमकल वाहन अंदर जाने में पूरी तरह नाकाम रहा, तब रेल प्रशासन ने रात करीब 8:30 बजे चाकुलिया नगर पंचायत से संपर्क साधा और छोटे दमकल वाहन को भेजने का आग्रह किया।
सूचना मिलते ही नगर पंचायत कर्मी असीम नाथ छोटे दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर संकरे रास्ते से होते हुए बोगी के पास पहुंचे।
इसके बाद आग बुझाने का काम दोबारा शुरू हुआ। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और कोयला सुलग रहा था।