विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चांडिल में बांदना पर्व की धूम: ढोल-मांदर की थाप पर गूंजे अहिरा गीत, पशुधन को जगाने की अनूठी परंपरा बरकरार

Published: Mon, 09 Nov 2026 05:48 PM (IST)

चांडिल में बांदना पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, जहाँ अहिरा गीतों की गूंज के बीच पशुधन ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बांदना पर्व में ढोल-मांदर की थाप पर गूंजे अहिरा गीत।

  2. पशुधन को सजाकर, खिलाकर उनकी विशेष पूजा-अर्चना की गई।

  3. 'गरु खूंटान' में सजे-धजे पशुओं को नचाया गया, परंपरा जीवित।

दिलीप कुमार, चांडिल। झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और कृषि परंपरा का प्रतीक पावन बांदना पर्व गांवों में पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 
 
अमावस्या की रात काली पूजा के अवसर पर ग्रामीण अंचलों में विशेष जागरण किया गया। इस दौरान ढोल, मांदर और नगाड़े की थाप के बीच गूंजते पारंपरिक अहिरा गीतों ने पूरे ग्रामीण परिवेश को जीवंत कर दिया है। 
 
अहिरा गीत गाने वाले दल रातभर घर-घर पहुंचकर पशुधन को जगाने और उनके स्वामियों का गुणगान करने की अपनी प्राचीन परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ निभाते नजर आए।
 

पशुधन के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का पर्व 

बांदना पर्व की सबसे बड़ी विशेषता पशुधन के प्रति आभार व्यक्त करना है। कृषि प्रधान समाज में बैल, गाय और अन्य मवेशियों को परिवार का अभिन्न हिस्सा माना जाता है। 
 
खेती-किसानी में उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए इस पर्व के दौरान उनकी विशेष पूजा-अर्चना और सेवा की जाती है। 
 
अमावस्या की रात अहिरा गीतों के माध्यम से पशुधन को जगाया जाता है। इन पारंपरिक गीतों में पशुओं की सुंदरता, उनकी उपयोगिता, उनके स्वामी और पूरे परिवार की समृद्धि का सुंदर बखान किया जाता है, जो झारखंड की लोकजीवन और प्रकृति से गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।
 

सेवा, सजावट और 'गरु खूंटान' का आकर्षण 

पर्व के दौरान पशुधन को अच्छी तरह नहलाकर उनकी साफ-सफाई की जाती है। उनके सींगों पर तेल लगाकर उन्हें रंग-बिरंगे ढंग से सजाया जाता है और विशेष पकवान खिलाकर उनकी सेवा की जाती है। 
 
इसके साथ ही, खेती में उपयोग होने वाले कृषि उपकरणों जैसे हल और जुआठ की भी साफ-सफाई कर पूजा की जाती है।
 
बांदना का एक अन्य प्रमुख आकर्षण 'गरु खूंटान' का आयोजन है, जिसमें सजे-धजे पशुओं को ढोल-नगाड़ों की थाप पर नचाया जाता है। 
 
ग्रामीण उत्साह के साथ मवेशियों के साथ पारंपरिक तरीके से खेलते हैं, जो पशु-प्रेम और सामूहिक उल्लास का अद्भुत प्रतीक है।
 

पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित है परंपरा 

आधुनिकता के इस दौर में भी गांवों में अहिरा गीतों की गूंज इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की लोकसंस्कृति सुरक्षित हाथों में है। 
 
नई पीढ़ी भी बुजुर्गों से इस सांस्कृतिक विरासत को सीख रही है। अहिरा गीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि कृषि संस्कृति और सामुदायिक एकजुटता की मजबूत अभिव्यक्ति हैं। 
 
कई दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दौरान गांवों में गीत-संगीत और उल्लास का यह सिलसिला लगातार जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।