विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गम्हरिया थाना कांड में नया मोड़: 6 माह से लापता थी पीड़िता, नाबालिग होने के दावे के बाद पति से पूछताछ शुरू 

Published: Thu, 05 Nov 2026 12:24 AM (IST)

गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामले में नया मोड़ आया है, पीड़िता के परिजनों ने उसे नाबालिग बताया और 6 महीने से लापता होने का दावा किया है।

पुलिस ने पीड़िता के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग और डालसा ने मामले में हस्तक्षेप किया है। (AI Generated Image)

पुलिस ने पीड़िता के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग और डालसा ने मामले में हस्तक्षेप किया है। (AI Generated Image)

HighLights

  1. पीड़िता के परिजनों ने उसे नाबालिग बताया, 6 माह से लापता थी।

  2. पुलिस ने पीड़िता के पति शंकर दास को हिरासत में लिया।

  3. राष्ट्रीय महिला आयोग और डालसा ने मामले में हस्तक्षेप किया।

जासं, जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के बहुचर्चित मामले में बुधवार को एक नया मोड़ आ गया है। 
 
ओड़िशा के बड़बिल से पीड़िता के परिजन मानवाधिकार संगठन की टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और उसके नाबालिग होने का दावा किया। 
 

उम्र से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल, पति हिरासत में 

स्वजनों के अनुसार, किशोरी बीते छह माह से अपने घर से लापता थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। घटना के वक्त पीड़िता ने खुद को 20 वर्ष का बताया था। 
 
लेकिन स्वजनों के नए दावे के बाद पुलिस अब उसकी वास्तविक उम्र और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। नाबालिग होने की बात सामने आते ही पुलिस ने पीड़िता के पति शंकर दास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
 
पुलिस यह जांच रही है कि वह ओड़िशा से लड़की को गम्हरिया कैसे और किस परिस्थिति में लाया था। बताया जा रहा है कि शंकर दास आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति है और गोरा दास हत्याकांड में 11 साल की सजा काट चुका है, जिसका मामला फिलहाल उच्च न्यायालय में लंबित है।
 

राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, DALSA ने बढ़ाये मदद के हाथ 

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच कराने और सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (Action Taken Report) पेश करने का निर्देश दिया है। 
 
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) ने पीड़िता को निश्शुल्क कानूनी सहायता, पुनर्वास और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
 

अब तक 3 गिरफ्तार और 15 पुलिसकर्मी निलंबित 

उल्लेखनीय है कि 29 अक्टूबर की रात पति से विवाद के बाद मदद मांगने आई पीड़िता को पीसीआर वैन गम्हरिया थाना लाई थी। 
 
आरोप है कि बिना महिला पुलिसकर्मी के एक कमरे में ठहराई गई पीड़िता के साथ देर रात ड्यूटी पर तैनात सिपाही नीरज लकड़ा ने दुष्कर्म किया। 
 
मामले में एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT जांच कर रही है। अब तक मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा, एक दारोगा और थाना मुंशी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तत्कालीन थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।