बंगाल चुनाव: पुरुलिया में गरजे हेमंत, बोले- पीएम झूठ बोलने में माहिर, जनता अब छलावे में नहीं आएगी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में तृणमूल कांग्रेस के लिए प्रचार किया। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखे हमले किए, ...और पढ़ें

पुरुलिया जिले में तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।
HighLights
हेमंत सोरेन ने पुरुलिया में TMC के लिए प्रचार किया।
महंगाई, कृषि कानूनों और झूठे वादों पर पीएम को घेरा।
जागरण संवाददाता, पुरुलिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चुनावी रण में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पक्ष में हुंकार भरी। पुरुलिया जिले के काशीपुर, मानबाजार और बांदवान विधानसभा क्षेत्रों में तीन जनसभाओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
संताली और हिंदी में संबोधन, चुनाव आयोग पर सवाल
पुंचा के बदड़ा फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत संताली भाषा से की, जिससे उन्होंने स्थानीय मतदाताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इसके बाद हिंदी में बोलते हुए उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव का तरीका अजीब है। पूरे देश की पुलिस फोर्स यहां तैनात कर दी गई है, लेकिन विडंबना यह है कि आम जनता की कोई सुनवाई नहीं हो रही।
भाजपा को आदिवासियों और किसानों की ताकत का अंदाजा नहीं
केंद्र के कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए सोरेन ने कहा कि किसानों ने अपनी एकता से दिल्ली को घेरकर अहंकारी सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों को कमजोर समझने की भूल न करे।
उन्होंने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 15 लाख रुपये देने जैसे वादे महज छलावा साबित हुए हैं और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
जेल भेजने की धमकी का जवाब वोट से मिलेगा
मुख्यमंत्री ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार विरोधियों को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई का सहारा ले रही है। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि मुझे जेल भेजा गया, लेकिन झारखंड की जनता ने चुनाव में भाजपा को हराकर उसका करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि अब वही धमकी ममता बनर्जी को दी जा रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि बंगाल के जागरूक मतदाता झारखंड की तर्ज पर ही यहां भी भाजपा को पराजित करेंगे।
इन प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन
हेमंत सोरेन ने मतदाताओं से एकजुट होकर निम्नलिखित प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की:
- काशीपुर: सौमेन बेरथरिया
- मानबाजार: संध्या रानी टुडू
- बांदवान: राजीव लोचन सोरेन
अंत में, उन्होंने बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों का हवाला देते हुए लोगों से भयमुक्त होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान करने का आह्वान किया।