विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे ने बदले ट्रेनों में पेट्स सफर के नियम: अब एक डॉग बॉक्स में बुक होगा सिर्फ एक ही कुत्ता

Published: Tue, 25 Aug 2026 07:12 PM (IST)

भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में पालतू कुत्तों के सफर के नियमों में बदलाव किया है, अब एक डॉग बॉक्स में ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

HighLights

  1. एक डॉग बॉक्स में अब केवल एक कुत्ता बुक होगा।

  2. बड़े कुत्तों के लिए विशेष ब्रेक वैन, 'घोड़े की दर' पर।

  3. सुरक्षित, आरामदायक यात्रा हेतु रेलवे ने नियम बदले हैं।

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। ट्रेनों में अपने पालतू कुत्तों (Pet Dogs) के साथ यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने नियमों में बदलाव किया है। 
 
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, अब ट्रेन के एक डॉग बॉक्स में केवल एक ही कुत्ते की बुकिंग की अनुमति दी जाएगी। इस संशोधन का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान पालतू जानवरों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और तनावमुक्त माहौल प्रदान करना है। 
 
रेलवे बोर्ड के ज्वाइंट डायरेक्टर (पैसेंजर मार्केटिंग) रोहित कुमार ने सभी रेलवे जोनों को इस संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं।
 

लड़ाई रोकने और सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम

पूर्व में लागू नियमों के तहत यदि किसी यात्री के पास एक से अधिक कुत्ते होते थे, तो परिस्थितिवश उन्हें एक ही डॉग बॉक्स में जंजीर से बांधकर ले जाने का प्रावधान था। 
 
हालांकि, कई बार संकरे स्थान में कुत्तों के आपस में भिड़ने या चोटिल होने की शिकायतें मिलती थीं। नए संशोधित नियम के तहत अब एक बॉक्स में सिर्फ एक ही कुत्ता रखा जा सकेगा। 
 
यदि किसी यात्री के पास दो कुत्ते हैं, तो उन्हें दो अलग-अलग डॉग बॉक्स में अलग-अलग बुकिंग करानी होगी।
 

बड़े आकार के कुत्तों के लिए विशेष शुल्क व्यवस्था

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बड़े कद वाले कुत्तों को सामान्य डॉग बॉक्स में बुक नहीं किया जा सकेगा। ऐसे बड़े आकार के पालतू कुत्तों को उपलब्धता के आधार पर विशेष ब्रेक वैन या पार्सल वाहन में बुक करना होगा। 
 
इसके लिए रेलवे 'घोड़े की दर' (Horse Rate) के आधार पर भाड़ा वसूलेगा। बड़े कुत्तों के लिए तय इस शुल्क संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
 

बुकिंग प्रक्रिया: ऑनलाइन और ऑफलाइन विकल्प

  •     फर्स्ट एसी कूप : फर्स्ट एसी में पूरा कूप (Coupe/Cabin) बुक करने वाले यात्री अपने साथ पालतू कुत्ते को ले जा सकते हैं। इसके लिए आईआरसीटीसी (IRCTC) पोर्टल के जरिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
  •     डॉग बॉक्स : सामान्य ब्रेक वैन स्थित डॉग बॉक्स में बुकिंग के लिए यात्री को प्रस्थान से कुछ समय पहले स्टेशन के पार्सल काउंटर पर जाकर ऑफलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।


रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन में डॉग बॉक्स की उपलब्धता, पशु चिकित्सा प्रमाणपत्र और संशोधित नियमों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। ध्यान रहे कि यह सुविधा केवल चुनिंदा ट्रेनों में ही उपलब्ध है।