बड़ा झटका: ISL के मीडिया राइट्स की वैल्यू 97% गिरी; 275 करोड़ का सौदा महज 8.6 करोड़ में सिमटा
इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) के प्रसारण अधिकार 97% कम होकर 8.62 करोड़ रुपये में फैनकोड को बिके हैं, जो पिछले सीजन के 275 करोड़ रुपये से भारी गिरावट है। यह ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
फैनकोड ने हासिल किए प्रसारण अधिकार, पिछले साल 275 करोड़ थे।
AIFF-FSDL एग्रीमेंट खत्म होना गिरावट का मुख्य कारण।
जासं, जमशेदपुर। इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) के प्रसारण अधिकार पिछले सीजन के मुकाबले 97 प्रतिशत कम कीमत पर बिके हैं। फैनकोड नामक स्ट्रीमिंग मंच ने 8.62 करोड़ रुपये में आइएसएल के मीडिया राइट्स हासिल किए हैं।
यह भारतीय फुटबाल के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि पिछले सीजन में यह सौदा 275 करोड़ रुपये प्रति सीजन पर हुआ था।
इससे पहले, वायकाम 18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के पास आइएसएल के प्रसारण अधिकार थे, जिसने दो सीजन के लिए कुल 550 करोड़ रुपये दिए थे, यानी एक सीजन के लिए 275 करोड़ रुपये।
यह गिरावट भारतीय फुटबाल के इकोसिस्टम को एक गंभीर वित्तीय नुकसान पहुंचाती है। इससे पहले, स्पोर्ट्स 18 चैनल और एशियानेट प्लस पर आइएसएल का लाइव टेलीकास्ट होता था।
इस भारी गिरावट का मुख्य कारण आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन (एआइएफएफ) और फुटबाल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) के बीच मास्टर राइट्स एग्रीमेंट (एमआरए) का खत्म होना है। इस एग्रीमेंट के खत्म होने के बाद पिछले पांच महीनों से लीग के भविष्य पर अनिश्चितता छाई हुई थी।
इस सीजन में कुल 91 मैच खेले जाएंगे, जो पिछले सीजन के मुकाबले 72 कम हैं। आइएसएल की वर्तमान मीडिया राइट्स वैल्यू का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केरल की स्थानीय लीग सुपर लीग केरल का मीडिया राइट्स डील 20 करोड़ रुपये में हुआ है।
यह रकम आइएसएल के 8.62 करोड़ रुपये की डील से लगभग दोगुनी है। यह सीजन 14 फरवरी को शुरू होगा, जिसमें मोहन बागान और केरला ब्लास्टर्स का मुकाबला होगा।
दूसरा मुकाबला उसी दिन एफसी गोवा और इंटर काशी के बीच खेला जाएगा। इस सीजन में जमशेदपुर भी भाग ले रहा है, जिसके प्रशंसक अपनी स्थानीय टीम के मैचों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

