जमशेदपुर में महिला को अश्लील वीडियो भेजने वाला अज्जू गिरफ्तार, पकड़ने गई पुलिस से उलझे परिजन, दो FIR दर्ज
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला को अश्लील वीडियो भेजने के आरोप में अज्जू खान को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के परिजनों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
गिरफ्तारी के दौरान परिजनों ने पुलिस टीम से हाथापाई की।
पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने पर दो FIR दर्ज कीं।
जासं, जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर में एक महिला को मोबाइल पर अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक ऑडियो संदेश भेजने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर टेल्को पुलिस ने आरोपी युवक अज्जू खान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, जब पुलिस आरोपी को पकड़ने पहुंची, तो उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी अज्जू खान पिछले कुछ समय से लगातार पीड़िता के मोबाइल पर अश्लील वीडियो और अभद्र ऑडियो संदेश भेज रहा था। इन संदेशों में बेहद गंदी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर महिला को मानसिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित किया जा रहा था।
इस प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने 27 मई को टेल्को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की, जिसमें आरोपी ने महिला को डिजिटल संदेश भेजने की बात स्वीकार कर ली है।
आरोपी को बचाने के लिए पुलिस से उलझे स्वजन
इस मामले में तब नया मोड़ आ गया जब टेल्को पुलिस आरोपी अज्जू खान को कानूनी नोटिस देने और गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी के स्वजन और उसके सहयोगी उग्र हो गए।
उन्होंने आरोपी को बचाने की कोशिश में पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इस घटना के कारण पूरे बारीनगर इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही टेल्को थाना प्रभारी खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लिया और थाने ले आई।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि पीड़िता और आरोपी पक्ष के बीच बस्ती में पहले से ही विवाद चला आ रहा था। हालांकि, पूर्व में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दोबारा विवाद को हवा देने के कारण हालात बिगड़ गए।
पुरानी रंजिश और पुलिस पर हमले की अलग से FIR
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी अज्जू की हरकतों से क्षेत्र के लोग लंबे समय से परेशान थे। टेल्को पुलिस ने इस पूरे मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की हैं।
पहली प्राथमिकी महिला की शिकायत पर मर्यादा भंग करने और प्रताड़ित करने की है। जबकि दूसरी प्राथमिकी सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने के आरोप में दर्ज की गई है।
पुलिस ने हाथापाई में शामिल लोगों की पहचान कर ली है और आरोपी के मोबाइल फोन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर जांच आगे बढ़ा दी है।