जमशेदपुर में स्नैचरों का तांडव: कदमा में महिला से चेन छीनी, मां-बेटी स्कूटी से गिरकर घायल; हाथ टूटा
जमशेदपुर के कदमा में चेन स्नैचरों ने एक महिला और उनकी बेटी को निशाना बनाया, जिससे स्कूटी से गिरने पर मां का हाथ टूट गया और बेटी भी घायल हो गई। ...और पढ़ें

AI Generated Image.
HighLights
हादसे में मां का हाथ टूटा, बेटी भी गंभीर रूप से घायल।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश कर रही है।
जासं, जमशेदपुर । जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में बेखौफ चेन स्नैचरों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। बुधवार रात करीब 9:20 बजे केटीएम बाइक सवार दो हेलमेटधारी बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला और उनकी 13 वर्षीय बेटी को निशाना बनाते हुए सोने की चेन छीन ली।
छीना-झपटी के दौरान संतुलन बिगड़ने से मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं। इस हादसे में महिला का हाथ टूट गया (फ्रैक्चर), जबकि बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
कदमा बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा
सरायकेला-खरसावां जिले के शिक्षा विभाग में कार्यरत और कदमा के मेघदूत फ्लैट निवासी संतोना जेना अपनी 13 वर्षीय पुत्री के साथ स्कूटी से कदमा बाजार से घर लौट रही थीं।
जैसे ही वे चंडी बाबा मंदिर रोड के पास पहुंचीं, पीछे से तेज रफ्तार केटीएम बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने की चेन खींच ली।
13 साल की बेटी ने दिखाया साहस
पीड़िता संतोना जेना ने बताया कि चेन छिनतई के दौरान उनकी 13 वर्षीय बेटी ने गजब का साहस दिखाया और बाइक पर पीछे बैठे बदमाश का हाथ पकड़ लिया।
बदमाश के हाथ में मोटा कड़ा था। इसी दौरान छीना-झपटी शुरू हो गई और स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी अंधेरे और तेज रफ्तार का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इलाज के बाद थाने में शिकायत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों की मदद से घायल मां-बेटी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। इसके बाद पीड़िता ने कदमा थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
जमशेदपुर की व्यस्त सड़कों पर सरेआम हो रही चेन छिनतई की घटनाओं ने महिलाओं में भारी असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।
व्यस्त इलाके में इस तरह बेखौफ होकर अपराधियों का वारदात को अंजाम देना पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।