Durand Cup: सेमीफाइनल की जंग में आज मोहन बागान से भिड़ेगी JFC, कोलकाता में दिखेगा 'रेड माइनर्स' का जलवा
डूरंड कप के तीसरे क्वार्टर फाइनल में जमशेदपुर एफसी का मुकाबला मोहन बागान सुपर जाइंट से होगा। रेड माइनर्स की ...और पढ़ें

जमशेदपुर एफसी के पास ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो किसी भी क्षण मैच का रुख पलट सकते हैं।
HighLights
डूरंड कप क्वार्टर फाइनल में जमशेदपुर एफसी का मोहन बागान से मुकाबला।
जेएफसी के सामने मोहन बागान की अजेय रक्षापंक्ति को भेदने की चुनौती।
युवा खिलाड़ियों के दम पर जेएफसी ने अंतिम-8 में बनाई जगह।
जासं, जमशेदपुर। डूरंड कप का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला सोमवार को भारतीय फुटबॉल प्रेमियों को एक रोमांचक जंग का गवाह बनाएगा।
कोलकाता के प्रतिष्ठित साल्ट लेक स्टेडियम में शाम चार बजे से खेले जाने वाले इस मैच में 'रेड माइनर्स' के नाम से मशहूर जमशेदपुर एफसी (JFC) का सामना मोहन बागान सुपर जाइंट से होगा।
ग्रुप चरण में जमशेदपुर एफसी का धमाकेदार प्रदर्शन
जमशेदपुर एफसी ने ग्रुप सी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए छह अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। टीम ने डिफेंडर्स एफसी को शिकस्त दी और इंडियन एयरफोर्स के खिलाफ 6-0 की एकतरफा व ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अंतिम-8 में जगह बनाई।
इस सफलता में क्लब की यूथ एकेडमी के उदीयमान खिलाड़ियों ने शानदार योगदान दिया है। महज 17 वर्षीय लामसांगजुआला ने एयरफोर्स के खिलाफ हैट्रिक लगाकर सभी का ध्यान खींचा, जबकि रयान सी और शागोलशेम रशितोई मीतेई ने भी मैदान पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।
अजेय रक्षापंक्ति को भेदने की कड़ी चुनौती
मुख्य कोच कैजाद अंबापार्डिवाला के मार्गदर्शन में खेल रही जेएफसी की टीम के सामने मोहन बागान के अभेद्य किले को तोड़ने की सबसे बड़ी चुनौती होगी।
मोहन बागान ने इस पूरे टूर्नामेंट में अब तक एक भी गोल नहीं गंवाया है। जेएफसी के अग्रिम पंक्ति को सुभाशीष बोस, मेहताब सिंह, अल्बर्टो रोड्रिगेज और अनुभवी गोलकीपर विशाल कैथ से भरी रक्षापंक्ति को चकमा देना होगा।
दूसरी ओर, मनवीर सिंह और सहल अब्दुल समद जैसे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के हमलों को रोकना जेएफसी के डिफेंडर्स के लिए कठिन इम्तिहान साबित होगा।
युवा और अनुभव के संगम से जीत का इरादा
समग्र रूप से, जमशेदपुर एफसी के पास ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो किसी भी क्षण मैच का रुख पलट सकते हैं। मध्यपंक्ति में फॉर्म में चल रहे रेनियर फर्नांडीस मुख्य सूत्रधार होंगे, जिन्होंने डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ शानदार हैट्रिक बनाई थी।
वहीं रक्षापंक्ति में प्रणय हलदर, निखिल बारला और प्रतीक चौधरी टीम को मजबूती प्रदान करेंगे, जबकि अमन सीके अपनी बेहतरीन रफ्तार से विपक्षी टीम को छकाने में सक्षम हैं।
ग्रुप चरण में कुल 13 गोल दाग चुकी जमशेदपुर एफसी इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भी अपने आक्रामक रवैये के साथ उतरेगी।
