Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर में जुगसलाई कपड़ा शोरूम फायरिंग कांड का खुलासा, मनीष सिंह गैंग के 6 शूटर हथियारों के साथ गिरफ्तार

    Updated: Wed, 20 May 2026 05:02 PM (IST)

    जमशेदपुर के जुगसलाई में कपड़ा शोरूम में रंगदारी के लिए हुई फायरिंग मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने कुख्यात मनीष सिंह गैंग के छह शूटरों को हथियारों ...और पढ़ें

    जमशेदपुर में प्रेस वार्ता में जानकारी देते सिटी एसपी ललित मीणा व पीछे खड़े आरोपित।

    जमशेदपुर में प्रेस वार्ता में जानकारी देते सिटी एसपी ललित मीणा व पीछे खड़े आरोपित।

    HighLights

    1. जुगसलाई कपड़ा शोरूम फायरिंग मामले का खुलासा।

    2. अपराधियों से अवैध हथियार और कार जब्त।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर के जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय परिसर स्थित कपड़ा दुकान में रंगदारी न मिलने पर सरेआम फायरिंग करने वाले गिरोह को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने कुख्यात मनीष सिंह गैंग के छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। 
     
    बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
     

    अपराधियों के पास से बरामद सामान 

    पुलिस ने छापेमारी के दौरान अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई चीजें जब्त की हैं:
    • अवैध देसी पिस्तौल: 04 पीस
    • जिंदा कारतूस: 05 गोलियां
    • खाली मैगजीन: 03 पीस
    • खोखा: 01 (घटनास्थल से संबद्ध)
    • कार: 01 (वारदात में प्रयुक्त)
    • मोबाइल फोन: 06 पीस
     

    रंगदारी नहीं देने पर चलाई थी गोली, बाल-बाल बचे थे कारोबारी 

    मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बीते 15 मई की दोपहर जुगसलाई नगर परिषद बाजार स्थित 'यूनिक कलेक्शन' नामक कपड़ा शोरूम में अपराधियों ने घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में शोरूम के मालिक दिनेश बेरिया बाल-बाल बच गए थे।
     
    जांच में यह बात साफ हुई कि गिरोह ने कारोबारी से मोटी रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं मिलने पर पूरे इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और व्यापारियों के बीच खौफ पैदा करने के मकसद से इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया था।
     

    सीसीटीवी और टेक्निकल सेल की मदद से बर्मामाइंस से गिरफ्तारी 

    घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सेल की मदद से अपराधियों का सुराग मिला। 
     
    पुलिस ने घेराबंदी कर बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे यार्ड से पांच अपराधियों को दबोचा, जबकि इनकी निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को जुगसलाई के पवट मोहल्ला से गिरफ्तार किया गया।
     

    मनीष सिंह का जेल कनेक्शन 

    पुलिस के अनुसार, इस गैंग का सरगना मनीष सिंह पिछले दो महीने से जेल में बंद है, लेकिन उसका गिरोह बाहर रंगदारी का नेटवर्क चला रहा था। गिरफ्तार अपराधियों में से चार का पुराना आपराधिक इतिहास है।
     

    गिरफ्तार अपराधियों के नाम:

    • अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन
    • राहुल कुमार उर्फ राहुल सिंह उर्फ बड़कू
    • हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी
    • राहुल सिंह उर्फ गेटलु
    • अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक
    • बानेश्वर नामता 
    पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड लिंकेज और इन्हें पनाह देने वाले अन्य मददगारों की तलाश में जुटी हुई है।