विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परसुडीह में एसी ब्लास्ट से फ्लैट में लगी आग; सूचना के 1 घंटे बाद पहुंची दमकल, लोगों में आक्रोश

Updated: Sun, 23 Aug 2026 09:27 PM (IST)

जमशेदपुर के परसुडीह में नीलकंठ निलायम अपार्टमेंट के एक बंद फ्लैट में एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image)

HighLights

  1. एसी शॉर्ट सर्किट से जमशेदपुर के फ्लैट में लगी आग।

  2. निवासियों ने अग्निशामक यंत्रों से आग पर पाया तुरंत काबू।

  3. दमकल एक घंटे देरी से पहुंची, लोगों में भारी आक्रोश।

जासं, जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित नीलकंठ निलायम अपार्टमेंट में रविवार को एक बंद फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग लगने का मुख्य कारण एसी में हुआ शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। 
 
घटना के समय फ्लैट मालिक राहुल मजूमदार अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। बंद कमरे से अचानक तेज धुआं निकलता देख अपार्टमेंट के अन्य निवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
 

शॉर्ट सर्किट से बेड पर गिरा जलता हिस्सा

मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के बाहर जाते समय कमरे का एसी और विद्युत स्विच बंद थे। इसके बावजूद अचानक एसी में शार्ट सर्किट हुआ और तेज आवाज के साथ उसका जलता हुआ हिस्सा नीचे रखे बेड पर जा गिरा। 
 
इससे पलंग, गद्दे समेत कमरे में रखा अन्य सामान तेजी से आग की चपेट में आ गया। कमरे से धुआं उठते ही आसपास के लोग तुरंत हरकत में आए। 
 
उन्होंने तत्परता दिखाते हुए फ्लैट का दरवाजा और जाली तोड़ी और अंदर प्रवेश किया। निवासियों ने अपार्टमेंट में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों (FireExtinguishers) और पानी की मदद से खुद ही आग बुझाना शुरू कर दिया। 
 
काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग दूसरे फ्लैटों तक नहीं फैली और एक बड़ा हादसा टल गया।
 

दमकल की देरी से निवासियों में आक्रोश

घटना की जानकारी तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई थी। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के लगभग एक घंटे बाद तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। 
 
दमकल विभाग की इस देरी और लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी और आक्रोश देखा गया।