जमशेदपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: पटमदा से डिमना तक 30 दुकानों पर छापा, पशु आहार से बेसन बनाने का खुलासा
जमशेदपुर में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने पटमदा, बोड़ाम और डिमना रोड पर 30 दुकानों व होटलों पर छापा मारा।

बुधवार को जमशेदपुर के पटमदा, बोड़ाम और डिमना रोड इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की।
HighLights
पटमदा में पशु आहार से बेसन बनाने का खुलासा।
डिमना रोड के होटल में चूहे, कॉकरोच और गंदगी मिली।
24 किलो अखाद्य सामग्री और 10 लीटर तेल नष्ट।
जासं, जमशेदपुर। दीपावली के त्योहार को लेकर बाजारों में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की खरीदारी तेज हो गई है, लेकिन इसके साथ ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं।
बुधवार को जमशेदपुर के पटमदा, बोड़ाम और डिमना रोड इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। करीब 30 दुकानों और होटलों की जांच के दौरान मिलावट और घोर लापरवाही के चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं।
पशु आहार से बन रहा था बेसन, होटलों में मिले चूहे और कॉकरोच
जांच के दौरान पटमदा के बेलटांड़ चौक पर बेसन के स्थान पर पशु आहार (कैटल फीड) के इस्तेमाल का गंभीर मामला सामने आया।
वहीं, मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए अखाद्य रंगों का धड़ल्ले से प्रयोग किया जा रहा था। डिमना चौक स्थित 'सुमन होटल एंड रेस्टोरेंट' के किचन में भारी गंदगी के साथ चूहे और कॉकरोच पाए गए।
यहां से 3 किलो मिलावटी पनीर और 12 किलो एक्सपायर्ड पैकेट बंद बेसन भी बरामद किया गया। इसके अलावा एमजीएम अस्पताल गेट के पास ठेला-खोमचा दुकानों पर चीनी से बनी मिठाइयों में भी अखाद्य रंग मिलाया पाया गया।
24 किलो अखाद्य सामग्री और 10 लीटर खराब तेल नष्ट
फूड सेफ्टी ऑफिसर संजय कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कुल 24 किलो अखाद्य व एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, 10 लीटर खराब खाद्य तेल और एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स के 14 पैकेट मौके पर ही नष्ट कराए गए।
टीम ने सभी दुकानदारों को साफ-सफाई रखने, अखबार में खाद्य पदार्थ न परोसने और मिलावटखोरी से बाज आने का कड़ा निर्देश दिया।
इस दौरान राजहंस कुमार, मुन्ना कुमार, मासूम अंसारी, अविनाश किस्कू और भोला शंकर समेत विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों को देखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।