Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर की देहरादून में गोली मारकर हत्या, तीन हमलावरों ने एस्केलेटर पर ही भूना

    By Jitendra SinghEdited By: Nishant Bharti
    Updated: Fri, 13 Feb 2026 01:21 PM (IST)

    उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की सिल्वर सिटी मॉल में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम से निक ...और पढ़ें

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शुक्रवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में जिम से निकलते ही जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। विक्रम पर 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और वह इन दिनों जमानत पर बाहर था। पुलिस इसे गैंगवार का नतीजा मान रही है।

    साजिश के तहत दिया वारदात को अंजाम

    घटना सुबह करीब 10:00 से 10:15 बजे के बीच की है। देहरादून पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश पूरी रेकी के साथ रची गई थी। विक्रम शर्मा रोज की तरह मॉल स्थित जिम में कसरत करने गया था। वहां पहले से ही दो हमलावर घात लगाए बैठे थे। जैसे ही विक्रम जिम से बाहर निकला और नीचे जाने के लिए एस्केलेटर (सीढ़ियों) पर कदम रखा, हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

    मौके पर ही तोड़ा दम

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने विक्रम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। उसे करीब तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर मॉल से बाहर भागे, जहां बाइक स्टार्ट कर उनका तीसरा साथी पहले से इंतजार कर रहा था। तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

    लाइसेंसी पिस्टल भी नहीं आई काम

    एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि विक्रम शर्मा देहरादून में किराये के फ्लैट में रह रहा था। अपनी सुरक्षा के लिए वह हमेशा लाइसेंसी पिस्टल साथ रखता था, लेकिन हमला इतना अचानक हुआ कि उसे हथियार निकालने का मौका तक नहीं मिला।

    खबरें और भी

    झारखंड पुलिस से संपर्क में उत्तराखंड एसटीएफ

    एसएसपी ने बताया कि विक्रम का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, इसलिए पुलिस इसे पुरानी रंजिश और गैंगवार से जोड़कर देख रही है। हालांकि, उसके परिवार ने किसी भी तरह की धमकी मिलने से इनकार किया है। 

    WhatsApp Image 2026-02-13 at 12.55.03 PM

    मामले की जांच के लिए देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो झारखंड पुलिस के साथ समन्वय कर हत्यारों की तलाश कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।