Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर में लग्जरी कार में गो-तस्करी! कपाली पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी XUV, चार मवेशी मुक्त

    Updated: Fri, 01 May 2026 08:03 PM (IST)

    सरायकेला-खरसावां के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एक लग्जरी महिंद्रा एक्सयूवी से चार गोवंशों को बचाया। वाहन चालक चेकिंग के दौरान पुलिस को चकमा देकर फ ...और पढ़ें

    पशु तस्‍कर इसी लग्‍जरी कार से ले जा रहे थे मवेशी।

    पशु तस्‍कर इसी लग्‍जरी कार से ले जा रहे थे मवेशी।

    HighLights

    1. वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ।

    2. पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज, जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस ने कामारगोड़ा चौक के पास चलाए जा रहे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक लग्जरी महिंद्रा एक्सयूवी कार से चार गोवंशों को बरामद किया। हालांकि, पुलिस को चकमा देकर चालक वाहन छोड़कर भागने में सफल रहा।

    तेज रफ्तार कार ने बढ़ाई पुलिस की धड़कनें 

    जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कामारगोड़ा चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी कार (JH05BT-0573) संदिग्ध अवस्था में आती दिखी। 
     
    पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गति धीमी करने के बजाय और तेज कर दी और बैरिकेडिंग को चकमा देते हुए भागने लगा।
     

    फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ा वाहन 

    कार की रफ्तार देख पुलिस को अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल पुलिस की पीसीआर वैन ने उक्त वाहन का पीछा करना शुरू किया। पुलिस को पीछे आता देख तस्कर घबरा गया। 
     
    डैमडूबी इलाके में सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी कर झाड़ियों और घनी आबादी का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो कार लावारिस हालत में मिली।
     

    कार के अंदर का नजारा देख दंग रह गई पुलिस 

    जब पुलिस ने महिंद्रा एक्सयूवी कार के पिछले हिस्से की तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए कार के अंदर की सीटें हटाकर चार गायों को बेहद निर्दयता के साथ ठूंस-ठूंस कर बांध रखा था। 
     
    पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। बरामद किए गए सभी गोवंशों को प्राथमिक उपचार और चारे की व्यवस्था के बाद सुरक्षित स्थानीय गौशाला भेज दिया गया है। 
     

    तस्करों की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू  

    कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की जा रही है। 
     
    पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन मवेशियों को कहां से लाया गया था और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था। तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी जारी है।