Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर में शाम ढलते ही जहां सजती थी 'अड्डेबाजी', वहां चला प्रशासन का बुलडोजर; मरीन ड्राइव से हटा अतिक्रमण 

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 12:33 AM (IST)

    अतिक्रमण और अपराध पर लगाम लगाने के लिए जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव पर प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। टाटा स्टील और जेएनएसी की टीम ने सड़क किनारे की ...और पढ़ें

    जमशेदपुर बिंदल मॉल के पास अतिक्रमित जमीन पर कार्रवाई करते जेएनएसी के कर्मचारी।

    जमशेदपुर बिंदल मॉल के पास अतिक्रमित जमीन पर कार्रवाई करते जेएनएसी के कर्मचारी।

    HighLights

    1. सोनारी मरीन ड्राइव पर अतिक्रमण हटाओ अभियान।

    2. अवैध चाय दुकानें, गुमटियां और ढांचे ध्वस्त।

    3. अपराध, नशेबाजी पर लगाम लगाने की पहल।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सोनारी मरीन ड्राइव क्षेत्र में सड़क किनारे पांव पसार रहे अतिक्रमण और वहां पनप रहे अपराध के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। 
     
    बुधवार को टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट और जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) की टीम ने संयुक्त रूप से बिंदल मॉल के पास एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। 
     
    इस कार्रवाई के तहत सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित की जा रही दर्जनों चाय की दुकानों, गुमटियों और अस्थायी ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
     

    शाम ढलते ही सजता था नशे और अड्डेबाजी का बाजार

    स्थानीय निवासियों के अनुसार, मरीन ड्राइव का यह पैच पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बन चुका था। शाम होते ही यहां सड़क किनारे लगी अवैध दुकानों की आड़ में संदिग्ध लोगों का जमावड़ा शुरू हो जाता था, जो देर रात तक चलता था।

    खुलेआम नशे का सेवन करने वाले लोगों और तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले (स्टंटर्स) हुड़दंगियों के कारण स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं का इस मार्ग से गुजरना दूभर हो गया था। इसकी लगातार शिकायतें प्रशासन और पुलिस को मिल रही थीं।

    सोनारी पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधरे थे हालात

    इस क्षेत्र में पहले भी सोनारी थाना पुलिस द्वारा कई बार सघन गश्ती और छापेमारी की गई थी। पूर्व में पुलिस ने यहां से कई संदिग्धों को हिरासत में भी लिया था और चेतावनी देकर छोड़ा था। हालांकि, पुलिस के जाते ही ये दुकानें और असामाजिक तत्व फिर से सक्रिय हो जाते थे।

    हाल के दिनों में मरीन ड्राइव पर हुई सड़क दुर्घटनाओं और देर रात राहगीरों से मोबाइल व चेन छिनतई (स्नैचिंग) जैसी वारदातों के पीछे भी इसी इलाके में जुटने वाली अनियंत्रित भीड़ को जिम्मेदार माना जा रहा था। इसी को देखते हुए टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट और जेएनएसी ने इस बार सीधे अवैध ढांचों को ही उखाड़ फेंकने का सख्त निर्णय लिया।
     

    प्रशासन की चेतावनी: दोबारा कब्जा किया तो होगी जेल

    कार्रवाई के बाद टाटा स्टील लैंड विभाग और जेएनएसी के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि मरीन ड्राइव की सड़कों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 
     
    अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा यहां दुकानें लगाने या अवैध कब्जा करने की कोशिश की गई, तो न केवल भारी जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।