विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में जमीन के नीचे दफन मिले दो युवकों के शव, मोबाइल चोरी विवाद में हत्या की आशंका

Updated: Sat, 22 Aug 2026 06:21 PM (IST)

सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया में वन विभाग की जमीन से 13 अगस्त से लापता दो युवकों के शव बरामद हुए हैं। ...और पढ़ें

राहुल हांसदा और तपन प्रधान का फाइल फोटो।

राहुल हांसदा और तपन प्रधान का फाइल फोटो।

HighLights

  1. गम्हरिया में वन विभाग की जमीन से मिले शव।

  2. लापता राहुल हांसदा और तपन प्रधान की हुई पहचान।

  3. मोबाइल चोरी विवाद में हत्या की आशंका जताई गई।

संस, गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र से 13 अगस्त से लापता दो युवकों के शव गम्हरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित रापचा फुटबॉल मैदान के समीप वन विभाग की जमीन से बरामद किए गए हैं। 
 
जमीन के अंदर दफनाए गए शवों के मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान कांड्रा के पिंड्राबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरसावां के सुपायसाई निवासी तपन प्रधान के रूप में हुई है। 
 
परिजनों ने बीते 20 अगस्त को कांड्रा थाना में दोनों युवकों की गुमशुदगी और अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
 

पुलिस पूछताछ में खुला राज

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से की गई पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर गम्हरिया के रामचंद्रपुर में तलाशी अभियान चलाया गया। 
 
वहां वन विभाग की जमीन पर खुदाई करने पर दोनों युवकों के दबाकर रखे गए शव बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में इस हत्या का संबंध मोबाइल चोरी से जुड़े विवाद से होने की आशंका जताई जा रही है। 
 
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच चल रही है। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर भी पुलिस छानबीन कर रही है।
 

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
 
इस संबंध में सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।