Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पोटका के हरिणा वन क्षेत्र में अवैध लौह अयस्क खनन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 500 CFT माल लदा हाइवा जब्त

    Updated: Sat, 30 May 2026 07:07 PM (IST)

    कोवाली पुलिस ने पोटका के हरिणा वन क्षेत्र में अवैध लौह अयस्क के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 500 सीएफटी अवैध लौह अयस्क लदा एक हाइवा जब्त क ...और पढ़ें

    पोटका पुलिस ने अवैध लौह अयस्‍क लदा हाइवा जब्‍त किया।

    पोटका पुलिस ने अवैध लौह अयस्‍क लदा हाइवा जब्‍त किया।

    HighLights

    1. कोवाली पुलिस ने अवैध लौह अयस्क पर कार्रवाई की।

    2. हरिणा वन क्षेत्र से 500 सीएफटी अयस्क जब्त हुआ।

    3. वाहन मालिक, चालक पर प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी।

    संसू, पोटका। पोटका प्रखंड अंतर्गत हरिणा एवं इसके आसपास के वन क्षेत्रों में लंबे समय से चल रहे अवैध लौह अयस्क (आयरन ओर) के काले कारोबार पर कोवाली पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की है। पुलिस ने लगभग 500 सीएफटी (CFT) अवैध लौह अयस्क लदा एक हाइवा जब्त किया है। 
     
    इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन मालिक और चालक के खिलाफ कोवाली थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। 
     

    एसएसपी की गुप्त सूचना पर लगा नाका  

    मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पियुष पांडेय को शनिवार सुबह पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि हरिणा क्षेत्र से अवैध रूप से लौह अयस्क की तस्करी और परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने पुलिस बल के साथ तत्काल पांडरशुली गुड़रा नदी के समीप सघन वाहन जांच अभियान (चेकिंग) चलाया।

    पुलिस को देखकर भागा चालक, कागजात गायब  

    जांच अभियान के दौरान हरिणा की तरफ से कोवाली की ओर आ रहे एक हाइवा (जेएच05सीडी/4535) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस बल को सामने देखकर चालक घबरा गया और गाड़ी रोककर मौके से फरार होने में सफल रहा।

    पुलिस ने जब हाइवा को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में लौह अयस्क लदा पाया गया। छानबीन के दौरान वाहन या उसमें लदे खनिज से संबंधित किसी भी प्रकार का वैध चालान या कागजात नहीं मिला। इसके बाद पुलिस वाहन को जब्त कर थाने ले आई।

    खनन विभाग (DMO) से मांगा गया मंतव्य 

    थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बरामद किए गए अवैध लौह अयस्क और जब्ती की आधिकारिक सूचना वरीय पुलिस अधीक्षक तथा जिला खनन पदाधिकारी (DMO) को दे दी है। इसके साथ ही पुलिस ने जिला खनन पदाधिकारी से इस मामले पर उनका तकनीकी मंतव्य भी मांगा है, ताकि केस को और मजबूत किया जा सके।

    कांग्रेस नेता जयराम हांसदा ने पहले भी की थी शिकायत  

    गौरतलब है कि इस क्षेत्र में अवैध खनन का मुद्दा काफी समय से गरमाया हुआ है। कांग्रेस के जिला सचिव जयराम हांसदा ने पूर्व में जिले के उपायुक्त (DC) और जिला खनन पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर हरिणा वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध खेल की शिकायत की थी। 
     
    उन्होंने आरोप लगाया था कि एक संगठित गिरोह द्वारा इस काम को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन खनन विभाग की ओर से पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। इस बड़ी कार्रवाई पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस जिला सचिव जयराम हांसदा ने कहा कि वन क्षेत्रों में वर्षों से लौह अयस्क समेत कई कीमती पत्थरों का अवैध दोहन जारी है। 
     
    उन्होंने मांग की है कि प्रशासन इस जब्ती को महज एक कार्रवाई न माने, बल्कि सक्रिय पूरे सिंडिकेट की गहराई से जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे।



    खबरें और भी