Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुकान खाली हुई तो भूखे मर जाएंगे परिवार: जमशेदपुर के दुकानदारों ने DC से कहा- बिना हटाए करें बाजार की मरम्मत

    Updated: Mon, 18 May 2026 09:36 PM (IST)

    कृषि उत्पादन बाजार समिति द्वारा परसुडीह हाट-बाजार की जर्जर दुकानें खाली करने के नोटिस से दुकानदार चिंतित हैं। उन्होंने विधायक मंगल कालिंदी के नेतृत्व ...और पढ़ें

    परसुडीह हाट बाजार की जर्जर दुकानें।

    परसुडीह हाट बाजार की जर्जर दुकानें।

    HighLights

    1. परसुडीह हाट-बाजार की जर्जर दुकानें खाली करने का नोटिस।

    2. बिना खाली कराए मरम्मत का सुझाव, बुनियादी सुविधाएं भी मांगी।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कृषि उत्पादन बाजार समिति द्वारा परसुडीह हाट-बाजार की जर्जर दुकानों को खाली करने का नोटिस दिए जाने के बाद स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। बाजार समिति प्रशासन इन जर्जर दुकानों की मरम्मत कराना चाहता है, जिसके लिए खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। 
     
    इधर, नोटिस मिलने से चिंतित दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी के नेतृत्व में जिले के उपायुक्त (DC) राजीव रंजन से मिला और इस समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालने का आग्रह किया।
     

    क्यों खाली कराई जा रही हैं दुकानें? 

    दरअसल परसुडीह हाट-बाजार में वर्षों पूर्व बनीं दुकानें अब बेहद जर्जर हो चुकी हैं। पूर्व में कई बार इन दुकानों के छज्जे और प्लास्टर टूटकर गिर चुके हैं, जिससे यहां हमेशा किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है। 
     
    इसी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाजार समिति प्रशासन इन दुकानों का जीर्णोद्धार और मरम्मत कार्य कराना चाहता है, जिसके लिए दुकानों को खाली कराना अनिवार्य बताया जा रहा है।
     

    दुकानदारों की दलील- उजाड़ने से भुखमरी की आएगी नौबत 

    दुकानदारों का कहना है कि वे यहां पीढ़ियों से व्यवसाय कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। यदि अचानक दुकानें खाली करा दी गईं, तो उनके सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। 
     
    उपायुक्त के समक्ष दुकानदारों ने तकनीकी सुझाव रखते हुए कहा कि यदि जर्जर दुकानों को नीचे से पिलर का सपोर्ट देकर ढलाई की जाए, तो बिना दुकान खाली किए भी मरम्मत कार्य आसानी से पूरा हो सकता है।
     

    बुनियादी सुविधाओं की भी उठी मांग, DC ने दिया आश्वासन 

    प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के सामने हाट-बाजार की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा। इसमें मुख्य रूप से:

    •     महिला व्यवसायियों और खरीदारों के लिए हाट-बाजार में शौचालय का निर्माण कराना। 
    •     बाजार परिसर में फैली गंदगी की नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करना। 
    •     बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराना ताकि आवागमन सुगम हो सके। 

    पूरे मामले को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त राजीव रंजन ने दुकानदारों और विधायक को आश्वस्त किया कि दोनों पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।