जमशेदपुर की सड़कों पर महिलाएं असुरक्षित, छिनतई का विरोध करने पर चलती ऑटो से खींचकर युवती को गिराया
जमशेदपुर के बिष्टुपुर में मोदी पार्क के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवती से चलती ऑटो में झपट्टा मारने की कोशिश की। युवती के विरोध करने पर उसे ऑटो ...और पढ़ें

छिनतई की घटना के बाद पुलिस-प्रशासन के खिलाफ हंगामा करते लोग।
HighLights
जमशेदपुर में मोदी पार्क के पास बदमाशों ने छिनतई का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की निष्क्रियता पर विरोध प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । लौहनगरी में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार देर शाम बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोदी पार्क के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवती के साथ छिनतई का दुस्साहसिक प्रयास किया।
युवती के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे चलती ऑटो से खींचकर सड़क पर गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित युवती साकची से ऑटो पर सवार होकर अपने घर धतकीडीह जा रही थी।
साकची से ही पीछा कर रहे थे बदमाश
आशंका जताई जा रही है कि बाइक सवार तीनों बदमाश साकची से ही उसका पीछा कर रहे थे। मोदी पार्क के पास पहुंचते ही बदमाशों ने ऑटो के समानांतर बाइक चलाकर युवती का बैग छीनने की कोशिश की।
युवती ने साहस दिखाते हुए अपना बैग नहीं छोड़ा, जिसके कारण छीना-झपटी में वह सड़क पर गिरकर घिसटती चली गई। गंभीर चोट लगने के बावजूद युवती ने बैग नहीं छोड़ा, जिससे लुटेरे अपने मंसूबों में नाकाम रहे।
युवती की हिम्मत के आगे भागे लुटेरे
प्रत्यक्षदर्शी रीना कुमारी और स्थानीय लोगों द्वारा शोर मचाने पर तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल युवती को तुरंत टाटा मेन अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची सिटी पेट्रोलिंग पुलिस को स्थानीय लोगों और महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि साकची, सोनारी और सिदगोड़ा में लगातार छिनतई और चेन स्नेचिंग हो रही है, लेकिन पुलिस आरोपियों को पकड़ने में विफल रही है। प्रदर्शनकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।