विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के इन पूर्व पुलिस कप्तानों के कंधों पर देश की सुरक्षा की बड़ी कमान, केंद्र में संभाल रहे हैं NIA और CBI जैसे अहम पद

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:00 AM (IST)Updated: Tue, 13 Oct 2026 11:58 PM (IST)

जमशेदपुर में सेवा दे चुके कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अब देश की सुरक्षा और केंद्रीय जांच एजेंसियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां ...और पढ़ें

वर्तमान में झारखंड कैडर के 28 से अधिक आइपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं।

वर्तमान में झारखंड कैडर के 28 से अधिक आइपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं।

HighLights

  1. झारखंड कैडर के 28 से अधिक अधिकारी देश की सुरक्षा में।

  2. सीबीआई, सीआरपीएफ, आईबी जैसी एजेंसियों में उच्च पदस्थ अधिकारी।

जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर की पुलिसिंग में अपनी सेवाएं दे चुके झारखंड कैडर के कई वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी आज देश की सुरक्षा और केंद्रीय जांच एजेंसियों में बेहद अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। 
 
वर्तमान में झारखंड कैडर के 28 से अधिक आइपीएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। इनमें से कई अधिकारी डीजी, एडीजी, आइजी, डीआइजी और एसपी स्तर पर पदोन्नत होकर केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, सुरक्षा बलों और जांच संगठनों का नेतृत्व कर रहे हैं।
 

जमशेदपुर में रह चुके हैं तैनात 

जमशेदपुर के एसपी व एसएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके अधिकारियों में संजय आनंद लाठकर, आशीष बत्रा, नवीन कुमार सिंह, अमोल वेणुकांत होमकर, अनूप टी. मैथ्यू, चंदन कुमार झा, अखिलेश कुमार झा, प्रांजल रुडला, डॉ. एम. तमिलवाणन, शुभांशु जैन और के. विजय शंकर जैसे चर्चित नाम शामिल हैं। 
 
इसके अलावा नवीन कुमार सिंह, कुलदीप द्विवेदी और साकेत कुमार सिंह कोल्हान प्रमंडल के डीआइजी पद पर भी कार्यरत रह चुके हैं।
 

डीजी से लेकर संयुक्त निदेशक तक के पदों पर मौजूदगी 

  • संजय आनंद लाठकर: डीजी रैंक के अधिकारी हैं और वर्तमान में भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग में 'डीजी सिक्योरिटी' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 
  • नवीन कुमार सिंह: 1996 बैच के एडीजी स्तर के अधिकारी हैं, जो राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों को संभाल रहे हैं। वे वर्ष 2027 तक प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे। 
  • साकेत कुमार सिंह व अमोल वेणुकांत होमकर: साकेत कुमार सिंह सीआरपीएफ (झारखंड सेक्टर) में आइजी हैं, जबकि अमोल वेणुकांत होमकर सीआरपीएफ के जम्मू सेक्टर में आइजी पद पर तैनात हैं। 
  • कुलदीप द्विवेदी व अनूप टी. मैथ्यू: दोनों अधिकारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में संयुक्त निदेशक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। 
  • डॉ. एम. तमिलवाणन: सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में संयुक्त निदेशक हैं। 
  • अन्य प्रमुख अफसर: पूर्व सिटी एसपी चंदन कुमार झा आईटीबीपी (ITBP) में डीआइजी हैं। के. विजय शंकर कैबिनेट सचिवालय में तथा शुभांशु जैन इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में सहायक निदेशक हैं।
 

पीयूष पांडेय और निधि द्विवेदी भी तैयारी में 

जमशेदपुर के पूर्व एसएसपी पीयूष पांडेय (2014 बैच) और सरायकेला-खरसावां की पूर्व एसपी निधि द्विवेदी (2013 बैच) भी जल्द केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की प्रक्रिया में हैं।
 

बिहार के डीजीपी पद तक पहुंचे जमशेदपुर के पूर्व एसपी 

जमशेदपुर में पुलिस कप्तान रह चुके अधिकारियों का राज्य के बाहर भी दबदबा रहा है। पूर्व एसपी राकेश मिश्रा सीआरपीएफ के डीजी और बिहार होमगार्ड के डीजीपी पद से सेवानिवृत्त हुए। 
 
वहीं, जमशेदपुर के पूर्व एसपी गुप्तेश्वर पांडेय भी बिहार के डीजीपी बने, जिन्होंने बाद में वीआरएस लेकर राजनीति का रुख किया था। इसके अतिरिक्त, पूर्व एसपी डॉ. अरुण उरांव भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे और बाद में आइजी पद से इस्तीफा देकर सामाजिक-राजनीतिक जीवन में सक्रिय हुए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।