विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चांडिल डैम से बदलेगी नीमडीह-कुकड़ू के किसानों की तकदीर, 607 करोड़ की सिंचाई योजना को कैबिनेट की मंजूरी

Published: Thu, 29 Oct 2026 12:10 PM (IST)

झारखंड कैबिनेट ने चांडिल डैम के पानी से नीमडीह और कुकड़ू प्रखंडों के खेतों की सिंचाई के लिए ₹607 करोड़ ...और पढ़ें

सीएम हेमंत सोरेन की फाइल फोटो। जागरण

सीएम हेमंत सोरेन की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. ₹607 करोड़ की नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना स्वीकृत।

  2. चांडिल डैम का पानी भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा।

  3. किसानों को साल भर खेती और आय वृद्धि की उम्मीद जगी।

जागरण संवाददाता, चांडिल (सरायकेला-खरसावां)। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड के किसानों के लिए अच्छी खबर है। अब चांडिल डैम के पानी से इन दोनों प्रखंडों के खेतों की प्यास बुझाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

नीमडीह-कुकड़ू मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 607.0332 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्तावित योजना को मंजूरी दी गई। योजना धरातल पर उतरने से क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ने और कृषि व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस योजना के तहत चांडिल जलाशय से पानी लिफ्ट कर भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड के खेतों तक पहुंचाने का प्रस्ताव है। इससे बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने पर किसान धान के साथ अन्य फसलों की खेती भी बेहतर तरीके से कर सकेंगे। साथ ही रबी और अन्य मौसमी फसलों की खेती की संभावनाएं बढ़ेंगी।

किसानों की पुरानी मांग पूरी होने की जगी उम्मीद

ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई की समुचित व्यवस्था लंबे समय से किसानों की प्रमुख मांग रही है। जल संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद खेतों तक पानी पहुंचाने की चुनौती के कारण कृषि की संभावनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता। मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना से इस समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से कृषि उत्पादन बढ़ने, किसानों की आय में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को फसल चयन में अधिक विकल्प मिल सकते हैं।

हालांकि, वास्तविक लाभ योजना के निर्माण कार्य, पाइपलाइन के विस्तार और खेतों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होने पर निर्भर करेगा। अब किसानों की निगाहें योजना के धरातल पर उतरने और खेतों तक चांडिल डैम का पानी पहुंचने पर टिकी हैं।

विधायक ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना से सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड में सिंचाई सुविधा का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। योजना के धरातल पर उतरने से कृषि कार्यों को बढ़ावा मिलने और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

योजना को कैबिनेट की मंजूरी और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

जिप उपाध्यक्ष ने जताया आभार

चांडिल जलाशय से कुकड़ू और नीमडीह प्रखंड के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल पर सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

उन्होंने इसे क्षेत्र के किसानों के लिए ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया। इससे कृषि कार्यों को बढ़ावा देने और किसानों की समस्याओं को दूर करने में मदद मिल सकती है। जिप उपाध्यक्ष ने बताया कि कुकड़ू-नीमडीह के किसानों के लिए चांडिल जलाशय से लिफ्ट सिंचाई योजना शुरू करने की मांग को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को तीन बार मांग पत्र सौंपा था। 

यह भी पढ़ें- वात्सल्य के आगे सिमटीं दूरियां: न्यूजीलैंड की 'सिंगल मदर' को मिला जमशेदपुर का लाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।