विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

16 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराया तो घरेलू गैस सिलेंडर मिलेगा महंगा, मोबाइल एप से कराएं घर बैठे

Published: Thu, 13 Aug 2026 07:30 PM (IST)

घरेलू गैस उपभोक्ताओं को 16 अगस्त तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है, अन्यथा उन्हें सिलेंडर 982 रुपये की जगह 2160 रुपये ...और पढ़ें

घरेलू उपभोक्ताओं पर मंडराया व्यावसायिक दर का खतरा।

घरेलू उपभोक्ताओं पर मंडराया व्यावसायिक दर का खतरा।

HighLights

  1. 16 अगस्त तक उपभोक्तओं को ई-केवाईसी कराना अनिवार्य।

  2. ई-केवाईसी न होने पर सिलेंडर 2160 रुपए में मिलेगा।

  3. पूर्वी सिंहभूम में डेढ़ लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी चेतावनी है। अगर 16 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक (कमर्शियल) दर पर खरीदना पड़ेगा। समय सीमा समाप्त होने के बाद 982 रु. का घरेलू सिलेंडर सीधे 2160 रुपए में मिलेगा।

ऐसे समझें कीमतों का पूरा गणित

वर्तमान में 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 982 रु. है, जिससे घरेलू गैस की दर लगभग 69.15 रु. प्रति किलोग्राम पड़ती है। दूसरी ओर, 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 2891 रु. है, जिसके तहत इसकी दर 152.15 रु. प्रति किलोग्राम बैठती है।

यदि ई-केवाईसी नहीं होती है, तो घरेलू सिलेंडर पर भी व्यावसायिक दर (152.15 प्रति किलो रु.) लागू होगी। इस हिसाब से 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की नई कीमत 2160 (14.2 गुणा 152.15 रु.) हो जाएगी। यानी उपभोक्ताओं को सीधे 1178 रु. का अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ेगा।

पूर्वी सिंहभूम में डेढ़ लाख का ई केवाईसी लंबित

जिले में लगभग साढ़े चार लाख गैस उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब डेढ़ लाख उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। समय सीमा नजदीक आने के साथ ही गैस एजेंसियों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है।

सरकार और तेल कंपनियों द्वारा फर्जी और निष्क्रिय गैस कनेक्शनों की छंटनी के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। इसके जरिए एक पते पर कई अवैध कनेक्शनों को चिन्हित करने, घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने और सीधे बैंक खातों में सब्सिडी हस्तांतरित करने में मदद मिलेगी।

एजेंसी संचालकों की अपील

मानगो स्थित कंचनदीप गैस एजेंसी के संचालक पिंटू अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ता अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए तुरंत अपने वितरक से संपर्क करें। वहीं, पटमदा बाजार स्थित एचपी गैस एजेंसी के संचालक नरेंद्र महंती और संचालक भवानी दास ने संयुक्त रूप से बताया कि केवाईसी के लिए आधार कार्ड, गैस डायरी और पंजीकृत मोबाइल नंबर लेकर आना अनिवार्य है।

मोबाइल ऐप के जरिए भी घर बैठे ई-केवाईसी की जा सकती है। 16 अगस्त के बाद बिना ई-केवाईसी वाले उपभोक्ताओं को रियायती दर पर सिलेंडर नहीं मिलेगा और बुकिंग सेवा भी बंद हो सकती है।