मयूरभंज में तिहरा हत्याकांड: नशे में धुत युवक ने दो ग्रामीणों को फावड़े से काटा, भीड़ की पिटाई से आरोपी की भी मौत
मयूरभंज जिले के कुलुगुटू गांव में एक नशे में धुत युवक ने फावड़े से दो ग्रामीणों की हत्या कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला, जिसस ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
नशे में धुत युवक ने दो ग्रामीणों को मारा।
मयूरभंज पुलिस तिहरे हत्याकांड की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, रायरंगपुर। मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना क्षेत्र के झारखंड सीमा से सटे कुलुगुटू गांव में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में नशे में धुत एक युवक ने फावड़े से हमला कर दो ग्रामीणों की हत्या कर दी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिससे उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गोपीनाथ सरदार और बुधेश्वर राणा के रूप में हुई है। वहीं आरोपी मचका आलदा की मौत रायरंगपुर उपखंड अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, बुधेश्वर राणा साइकिल मरम्मत कराने और गोपीनाथ सरदार चप्पल खरीदने के लिए पास के जिरेई गांव गए थे। दोनों काम पूरा कर पैदल घर लौट रहे थे और साइकिल साथ-साथ ठेल रहे थे।
शराब के नशे में दिया घटना को अंजाम
इसी दौरान मचका आलदा कथित रूप से शराब के नशे में लोहे का फावड़ा और वाहन की स्प्रिंग पट्टी लेकर अपने पिता विजय आलदा को खोज रहा था। पिता के नहीं मिलने पर वह उत्तेजित हो गया और घर के बरामदे में एक मुर्गी को मार डाला।
इसके कुछ ही देर बाद उसने रास्ते से गुजर रहे बुधेश्वर और गोपीनाथ पर अचानक फावड़े से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया, पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई की। इससे उसके दोनों पैर टूट गए। सूचना मिलने पर तिरिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यदुनाथ जेना, एसडीपीओ बीरेंद्र सेनापति और बहलदा थाना प्रभारी भास्कर प्रधान पहुंचे और जांच की निगरानी की। बारिपदा से वैज्ञानिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने तिरिंग थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी की मौत के मामले की भी जांच की जा रही है।