MGM मेडिकल कॉलेज में ब्लास्ट के बाद लगी आग: लाइब्रेरी के नीचे धू-धू कर जलीं सोलर बैटरियां, मची अफरा-तफरी
जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में मंगलवार शाम लाइब्रेरी के नीचे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में दहशत फैल गई। द ...और पढ़ें

कॉलेज की लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग।
HighLights
MGM कॉलेज में सोलर पैनल बैटरियों में लगी आग।
शॉर्ट सर्किट से धमाके के बाद फैली आग, अफरा-तफरी।
होमगार्ड जवानों ने बुझाई आग, टला बड़ा नुकसान।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार शाम अचानक लगी आग से पूरे संस्थान में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। कॉलेज की लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने के बाद एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद तेजी से आग फैलने लगी।
बैटरियों में ब्लास्ट के बाद भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में लाइब्रेरी के नीचे से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया था। लेकिन लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वहां रखीं भारी-भरकम बैटरियों में एक के बाद एक ब्लास्ट हुए और आग ने विकराल रूप ले लिया।
दो बार बुलानी पड़ी दमकल की गाड़ी
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालात सामान्य देखकर दमकल की टीम वापस लौट गई, लेकिन कुछ ही देर बाद बैटरियों के मलबे से दोबारा आग सुलग उठी और धुआं फैलने लगा।
होमगार्ड के जवानों ने टाला बड़ा हादसा
यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरी लाइब्रेरी बिल्डिंग और कीमती मेडिकल पुस्तकें जलकर स्वाहा हो सकती थीं। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में होमगार्ड के जवान अखिलेश ओझा, योगेंद्र शर्मा, पंकज कुमार झा, प्रदीप मिश्रा और संजय कुमार प्रसाद ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाई।
राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, इस घटना ने मेडिकल कॉलेज परिसर में लगे सोलर सिस्टम के रख-रखाव और उसकी सुरक्षा मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।