जुगसलाई नगर परिषद चुनाव: 43 साल का वनवास खत्म; नौशीन खान बनीं अध्यक्ष, रिंकू को 720 वोटों से दी मात
जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद में 43 साल बाद नौशीन खान अध्यक्ष चुनी गईं। उन्होंने रोमांचक मुकाबले में रिंकू सिंह को 720 वोटों से हराया। झारखंड अल्पसंख ...और पढ़ें

नौशीन खान
HighLights
नौशीन खान जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष बनीं।
43 साल बाद जुगसलाई को नया अध्यक्ष मिला।
रिंकू सिंह को 720 वोटों से हराया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । झारखंड के जुगसलाई नगर परिषद में 43 साल बाद इतिहास रचा गया है। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 में अध्यक्ष पद पर झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान की पत्नी नौशीन खान ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
एक बेहद रोमांचक, सांस रोक देने वाले और उतार-चढ़ाव से भरे मुकाबले में उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रिंकू सिंह को महज 720 मतों के अंतर से पराजित किया। नौशीन खान को कुल 11,563 वोट मिले, जबकि पहली बार चुनाव लड़ रही रिंकू सिंह ने 10,843 वोट हासिल कर सबको चौंका दिया।
सांस रोक देने वाली मतगणना : तीसरे राउंड में पलटने लगा था पासा
मतगणना के तीनों चक्र किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं रहे। पहले राउंड से ही नौशीन खान ने 6,654 मत पाकर रिंकू सिंह (1,426) पर 5,228 वोटों की एकतरफा बढ़त बना ली थी।
दूसरे राउंड की समाप्ति तक नौशीन का कुल आंकड़ा 11,468 तक पहुंच गया और उनकी लीड बढ़कर 6,507 हो गई। ऐसा लगा मानो चुनाव पूरी तरह एकतरफा हो गया है और नौशीन के समर्थक भारी जश्न मनाने लगे।
लेकिन असली खेल तीसरे और अंतिम राउंड में हुआ। तीसरे चक्र के बक्से खुलते ही रिंकू सिंह के पक्ष में मतों की सुनामी आ गई। इस राउंड में रिंकू सिंह को बंपर 5,882 वोट मिले, जबकि नौशीन खान मात्र 95 वोटों पर सिमट गईं।
खबरें और भी
इस भारी उलटफेर से मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की धड़कनें तेज हो गईं। रिंकू सिंह तेजी से फासला पाटने लगीं, लेकिन शुरुआती दो राउंड की विशाल बढ़त नौशीन के काम आई और वे 720 वोटों के मामूली अंतर से जीत की रेखा पार करने में सफल रहीं।
गड़बड़ी के आरोप और चुनाव प्रचार की तपिश
जुगसलाई का यह चुनाव प्रचार के दिनों से ही सुर्ख़ियों में था। दोनों ही खेमों ने सड़कों पर पूरी ताकत झोंक रखी थी। हालांकि मतदान के दिन माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया था जब पहली बार राजनीति में उतरीं प्रत्याशी रिंकू सिंह ने पोलिंग बूथों पर गड़बड़ी और धांधली के गंभीर आरोप लगाए थे।
इसके बावजूद, उन्होंने जिस तरह से मतगणना के अंतिम क्षणों में वापसी की, वह राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
43 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जुगसलाई को अपना नया नगर परिषद अध्यक्ष मिला है। नौशीन खान की इस जीत के बाद उनके समर्थकों में भारी उत्साह है।
नतीजों की घोषणा होते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गुलाल के साथ जीत का जश्न मनाया। हिदायतुल्ला खान की राजनीतिक पैठ और समर्थकों के भरोसे ने इस जीत की नींव रखी।
अध्यक्ष पद का अंतिम परिणाम (कुल मत)
- नौशीन खान 11,563 (विजेता)
- रिंकू सिंह 10,843 (उपविजेता)
- डाली मल्लिक 895
- बलबीर कौर 548
- नीलूफर हुसैन 212
- मुस्सर्रत खातुन 184
- इंदू देवी 179
- जसप्रीत कौर 93
