विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NEET यूजी के पहले राउंड का अलॉटमेंट जारी, NIT जमशेदपुर में 755 दाखिले; इग्नू में नामांकन की तिथि बढ़ी

Published: Fri, 21 Aug 2026 05:43 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 10:16 AM (IST)

नीट यूजी के पहले राउंड का अलॉटमेंट रिजल्ट जारी हो गया है, जबकि एनआईटी जमशेदपुर में 755 विद्यार्थियों ने स्नातक ...और पढ़ें

एनआईटी जमशेदपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश।

एनआईटी जमशेदपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश।

HighLights

  1. नीट यूजी पहले राउंड का अलॉटमेंट रिजल्ट शुक्रवार को जारी।

  2. एनआईटी जमशेदपुर में 755 विद्यार्थियों ने स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया।

  3. इग्नू में नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) की ओर से नीट यूजी के पहले राउंड का अलाटमेंट रिजल्ट शुक्रवार को जारी कर दिया गया है। अब इसके अनुसार रैंक प्राप्त करने वाले विभिन्न मेडिकल कालेजों में नामांकन ले सकते हैं।

जिन छात्रों ने एमबीबीएस या बीडीएस कोर्स में दाखिला लेने के लिए पंजीकरण किया था। वे छात्र एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर पहले राउंड का अलाटमेंट रिजल्ट देख सकते हैं। एमसीसी की आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक एमबीबीएस एवं बीडीएस कोर्स के लिए कुल 29,945 सीटें आवंटित की गई है।

एमसीसी की ओर से पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए सीटों का आवंटन छात्र द्वारा नीट यूजी-2026 में प्राप्त रैंक, कैटेगरी और आवेदन किए गए विकल्प के आधार पर किया गया है।

NIT में कंप्यूटर साइंस व इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन में ज्यादा नामांकन

एनआईटी जमशेदपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 755 विद्यार्थियों ने भौतिक रिपोर्टिंग पूरी कर ली है। विद्यार्थियों का प्रवेश जोसा, सीसेब, डासा तथा एसआइआइ के माध्यम से हुआ है। संस्थान में कुल 761 सीटों का आवंटन किया गया था।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 से 20 अगस्त तक डायमंड जुबिली लेक्चर हाल काम्प्लेक्स में छात्रों की भौतिक रिपोर्टिंग कराई गई। 20 अगस्त की शाम छह बजे तक 755 विद्यार्थियों ने दाखिले की प्रक्रिया पूरी की। विभागवार रिपोर्टिंग में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में सर्वाधिक 124 विद्यार्थियों ने रिपोर्ट किया।

इसके बाद इलेट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 119, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 114, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 112, सिविल इंजीनियरिंग में 98, मेटलर्जिकल एंड मैटेरियल्स इंजीनियरिंग में 97, प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में 62 तथा इंजीनियरिंग एंड कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स में 29 विद्यार्थियों ने रिपोर्टिंग की।

पूरी प्रक्रिया यूजी एडमिशन कमेटी 2026-27 की देखरेख में संपन्न हुई। समिति का गठन शैक्षणिक अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से किया गया था। समिति के अध्यक्ष डीन (अकादमिक) प्रो. एम.के. सिन्हा तथा संयोजक एसोसिएट डीन (अकादमिक) डाॅ. अशोक कुमार मंडल थे। विभिन्न विभागों के डीन, एसोसिएट डीन, संकाय सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रक्रिया में सहयोग किया।

निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने प्रवेश प्रक्रिया के सफल आयोजन पर समिति के सदस्यों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने सामूहिक प्रयास और प्रतिबद्धता की सराहना की।

भौतिक रिपोर्टिंग के दौरान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, दस्तावेज सत्यापन, पंजीकरण और हास्टल संबंधी व्यवस्थाओं में सहायक कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समन्वित प्रयासों से प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हुई। इसके साथ ही नए विद्यार्थियों के लिए एनआईटी जमशेदपुर में नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत हो गई।

इग्नू में नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ी

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। नामांकन से वंचित विद्यार्थियों के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण है। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र समेत अन्य कार्यक्रमों में नामांकन ले सकते हैं।

जमशेदपुर को-आपरेटिव कॉलेज स्थित इग्नू शोधार्थी सहायता केंद्र/अध्ययन केंद्र 0502 की ओर से विद्यार्थियों को नामांकन प्रक्रिया और शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

केंद्र के माध्यम से कार्यक्रम चयन, नामांकन, अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट और परीक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्र के समन्वयक डा. अशोक कुमार रवानी ने बताया कि दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा के माध्यम से इग्नू समाज के विभिन्न वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नौकरीपेशा, गृहिणियों तथा नियमित कॉलेज में अध्ययन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह बेहतर विकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते नामांकन पूरा करने की अपील की।

नामांकन संबंधी जानकारी के लिए केंद्र पर प्रतिदिन शाम चार से छह बजे तथा रविवार को सुबह 9:30 से दोपहर दो बजे तक संपर्क किया जा सकता है। सहायक समन्वयक डा. राजेश कुमार, डा. मो. इरशाद खान, स्वरूप कुमार मिश्रा तथा कार्यालय सहायक चंदन कुमार, बिहारी झा, संजय यादव, विश्वनाथ कुमार, अश्विनी कुमार गोराई आदि मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे।