विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में पत्रकारों पर लाठीचार्ज से लेकर विवादित जमीनों पर नजर, जानिए कौन है गैंगस्टर का करीबी निखार सबलोक

Updated: Mon, 24 Aug 2026 11:11 PM (IST)

गैंगस्टर गणेश सिंह का करीबी कारोबारी निखार सबलोक हालिया हाईवे फायरिंग के बाद पुलिस जांच के घेरे में आ गया ...और पढ़ें

कदमा के विजया हेरिटेज निवासी निखार का नाम पुलिस और अपराध जगत से जुड़े मामलों में पहले भी सामने आता रहा है।

कदमा के विजया हेरिटेज निवासी निखार का नाम पुलिस और अपराध जगत से जुड़े मामलों में पहले भी सामने आता रहा है।

HighLights

  1. हालिया हाईवे फायरिंग के बाद पुलिस जांच के केंद्र में।

  2. 2016 में पत्रकारों पर लाठीचार्ज मामले में भी शामिल था।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। हाईवे पर हुई हालिया फायरिंग की घटना के बाद जमशेदपुर के चर्चित गैंगस्टर गणेश सिंह का करीबी माना जाने वाला कारोबारी निखार सबलोक एक बार फिर पुलिस जांच के केंद्र में आ गया है। 
 
कदमा के विजया हेरिटेज निवासी निखार का नाम पुलिस और अपराध जगत से जुड़े मामलों में पहले भी सामने आता रहा है।
 
शहर के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भी उसकी मजबूत पैठ और प्रभावशाली लोगों से नजदीकी संबंध चर्चा में रहे हैं।
 

थाना परिसर में हुआ था भारी हंगामा 

निखार सबलोक से जुड़ा सबसे चर्चित मामला 10 अप्रैल 2016 की रात का है। भाजपा नेता पवन अग्रवाल के साथ हुए एक विवाद के बाद पुलिस ने निखार को सीतारामडेरा थाना में हिरासत में लिया था। 
 
उसकी हिरासत की खबर मिलते ही थाना परिसर में देर रात तक भारी तनाव और हंगामे की स्थिति बन गई थी। घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के गंभीर आरोप भी लगे थे।
 
तत्कालीन रघुवर दास सरकार के शासनकाल में हुई इस घटना को जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी अनूप टी. मैथ्यू ने बेहद गंभीरता से लिया था। 
 
मामले की निष्पक्ष जांच और लापरवाही के आधार पर एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा के तत्कालीन थाना प्रभारी जयंत तिर्की समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
 

होटल में राजनीतिक बैठकें और कारोबारी कनेक्शन 

निखार की पहुंच सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं थी। जमशेदपुर स्थित उसके होटल में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं और दो विधायकों के आने-जाने और बैठकों के दौर की चर्चाएं अक्सर होती रही हैं। 
 
इसके अलावा बारीडीह बस्ती में उसके कारोबारी हित जुड़े होने की बात भी सामने आती रही है। सिदगोड़ा के एग्रिको में टाटा स्टील द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने वाली विवादित जमीन पर भी गणेश सिंह और निखार की नजर होने की बात कही जाती रही है। 
 
हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इन दावों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। निखार के अंतरराष्ट्रीय संपर्क भी रहे हैं। करीबी सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड के पटाया स्थित उसके होटल में शहर के कई लोगों के ठहरने की बातें सामने आती रही हैं। 
 
अब हाईवे फायरिंग मामले के बाद पुलिस उसके पुराने आपराधिक कनेक्शन और कारोबारी नेटवर्क को खंगाल रही है।