निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस की जांच तेज, सिदगोड़ा में विक्रम शर्मा के ऑफिस की ली तलाशी
जमशेदपुर पुलिस ने निखार सबलोक हत्याकांड की जांच का दायरा बढ़ाते हुए सिदगोड़ा स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी ...और पढ़ें

निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस की जांच तेज(एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पुलिस ने निखार सबलोक हत्याकांड में जांच का दायरा बढ़ाया।
सिदगोड़ा में विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी ली गई।
पुलिस ने दस्तावेजों और अन्य सामग्री की गहन जांच की।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कदमा निवासी युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने कार्रवाई का दायरा और बढ़ा दिया है। हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने के क्रम में पुलिस टीम ने सिदगोड़ा क्षेत्र स्थित विक्रम शर्मा के कार्यालय का ताला खुलवाकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की।
पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब निखार हत्याकांड की जांच में पुलिस लगातार पुराने संपर्कों, आपराधिक नेटवर्क और संभावित साजिश की कड़ियों को खंगाल रही है। इससे पहले संयुक्त पुलिस टीम ने मामले में आरोपित बताए जा रहे अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय और आवास पर भी सर्च वारंट के आधार पर तलाशी ली थी।
वहां से कुछ सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है, हालांकि उसका ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विक्रम शर्मा कनेक्शन की भी पड़ताल
विक्रम शर्मा की 13 फरवरी 2026 में देहरादून में हत्या हुई थी। उस मामले की जांच में जमशेदपुर से जुड़े कुछ लोगों के नाम सामने आने की रिपोर्ट पहले प्रकाशित हो चुकी है। अब निखार हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस द्वारा विक्रम शर्मा के कार्यालय की तलाशी लिए जाने से जांच का यह पहलू भी महत्वपूर्ण हो गया है।
निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल में हत्या हुई थी। मामले में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम कई स्तरों पर जांच कर रही है। पुलिस पहले ही गिरफ्तार आरोपितों के अलावा फरार संदिग्धों और पर्दे के पीछे की संभावित कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।
