निखार सबलोक मर्डर केस में सरायकेला व जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त SIT की कार्रवाई, 24 से अधिक कारोबारी रडार पर
निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में अवैध जमीन कारोबार, भू-माफिया रंजिश और गैंगवार का एंगल सामने आया है। पुलिस की ...और पढ़ें

पुलिस की रडार पर हाल ही में देहरादून में मारे गए गैंगस्टर विक्रम शर्मा के करीबी भी आ चुके हैं।
HighLights
निखार सबलोक की हत्या में जमीन कारोबार का एंगल।
SIT ने दो दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गैंगस्टर विक्रम शर्मा के करीबियों से भी पूछताछ जारी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित टेंथ माइल होटल के सामने हुई बिजनेसमैन निखार सबलोक की हत्या के तार अब कीमती जमीनों के अवैध कारोबार, भू-माफिया की आपसी रंजिश और गैंगवार से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (SIT) इस बिंदु को केंद्र में रखकर जांच तेजी से आगे बढ़ा रही है। पुलिस की रडार पर हाल ही में देहरादून में मारे गए गैंगस्टर विक्रम शर्मा के करीबी भी आ चुके हैं।
दो दर्जन से अधिक कारोबारी हिरासत में
प्रारंभिक छानबीन में सिदगोड़ा, सोनारी, आसनबनी और पारडीह क्षेत्र के कीमती भू-खंडों पर कब्जे की खींचतान सामने आई है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इनमें चांडिल और जमशेदपुर के कई बड़े जमीन कारोबारी शामिल हैं। जेल में बंद कई कुख्यात अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को चार हमलावरों की स्पष्ट तस्वीरें मिली हैं, जिनमें से दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है।
मौके से पुलिस ने 9 खोखे बरामद किए थे। इसके अलावा, पुलिस जांच के दायरे में एक संदिग्ध महिला भी शामिल है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है।
बहरागोड़ा में मध्यरात्रि की घेराबंदी, 4 संदिग्ध हिरासत में
सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त एसआईटी ने सोमवार मध्यरात्रि पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा से एक थार वाहन को घेरकर अशोक कुमार सिंह और समीर रजक को हिरासत में लिया।
दोनों कोलकाता की ओर से सड़क मार्ग से जमशेदपुर आ रहे थे। अशोक कुमार सिंह देहरादून में 13 फरवरी 2026 को मारे गए शहर के कुख्यात माफिया डॉन विक्रम शर्मा का करीबी माना जाता है।
हिरासत में लिए गए दो अन्य युवकों को संभावित शूटर मानकर गुप्त स्थान पर अलग-अलग रखकर पूछताछ की जा रही है। अशोक और समीर दोनों सोनारी के खूंटाडीह इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
6 टीमें कर रहीं ताबड़तोड़ छापेमारी
सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी की 6 टीमें झारखंड के विभिन्न इलाकों के अलावा पड़ोसी राज्यों (पश्चिम बंगाल और ओडिशा) में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल सीमा से सटे बड़सोल थाना क्षेत्र से भी दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की जा रही है। अनुसंधान में यह बात भी सामने आई है कि निखार सबलोक बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्ठा निवासी भूपेंद्र सिंह के एक पुराने भूमि विवाद में मदद कर रहे थे।
भूपेंद्र सिंह ने अशोक कुमार सिंह व अन्य लोगों पर सीएच एरिया स्थित उनके मकान को जबरन हड़पने, रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया था।
भूपेंद्र ने 18 अगस्त को जमशेदपुर के एसएसपी और सिटी एसपी को लिखित शिकायत भी सौंपी थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस पुराने विवाद का निखार सबलोक की हत्या से कोई सीधा संबंध है।
पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी: कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई
निखार के पिता संजीव सबलोक ने अपने पुत्र की हत्या के पीछे कारोबार में वर्चस्व को मुख्य वजह बताया है। कदमा स्थित सबलोक आवास पर चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, कदमा और बिष्टुपुर थाना प्रभारी की मौजूदगी में प्राथमिकी दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
गौरतलब है कि 24 अगस्त की दोपहर सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन रेस्टोरेंट में निखार सबलोक की ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी गई थी।
फिलहाल पुलिस काल डिटेल्स, वित्तीय लेन-देन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
