विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में अपराध की साजिश नाकाम,पुलिस ने खदेड़कर बाइक सवार 3 युवकों को दबोचा

By Anwesh AmbesthaEdited By: Nishant Bharti
Published: Tue, 20 Oct 2026 07:36 PM (IST)

जमशेदपुर पुलिस ने बर्मामाइंस क्षेत्र से अपराध की साजिश रच रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ...और पढ़ें

पुलिस ने खदेड़कर बाइक सवार 3 युवकों को दबोचा

पुलिस ने खदेड़कर बाइक सवार 3 युवकों को दबोचा

HighLights

  1. जमशेदपुर में तीन युवक अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने अपराध की साजिश को सफलतापूर्वक नाकाम किया।

  3. दो देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंटेनर यार्ड, पारस साइडिंग के पास पुलिस ने अपराध की साजिश रचने के संदेह में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक विधि-विरुद्ध किशोर भी शामिल है। आरोपितों के पास से दो देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपितों में बर्मामाइंस की मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय अयान आलम और 19 वर्षीय सादिक आलम शामिल हैं। तीसरा विधि-विरुद्ध किशोर है।

नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कंटेनर यार्ड के पास एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की आशंका पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। 

टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद

तलाशी के दौरान अयान आलम की कमर से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। वहीं, सादिक आलम की पैंट की जेब से दूसरी पिस्तौल मिली, जिसकी मैगजीन में दो जिंदा कारतूस थे। विधि-विरुद्ध किशोर के पास से एक देसी पिस्तौल की अतिरिक्त मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

इस मामले में बर्मामाइंस थाना में 20 अक्टूबर को कांड संख्या 61/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर हथियारों के स्रोत और उनके आपराधिक मंसूबों का पता लगाने में जुटी है।

छापेमारी दल में नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव, अभय कुमार, योगेंद्र प्रसाद सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

यह भी पढ़ें- चाईबासा में बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 3 घंटे तक जाम रहा एनएच-75


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।