Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पोटका में ब्रेन मलेरिया का बढ़ता कहर: 9 महीने की बच्ची समेत 9 नए मरीज मिले, KGBV की 3 छात्राएं संक्रमित

    Updated: Fri, 26 Jun 2026 07:59 PM (IST)

    पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप बढ़ गया है, जहां 9 माह की बच्ची सहित 9 नए मरीज मिले हैं, जिनमें पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्याल ...और पढ़ें

    पोटका में ब्रेन मलेरिया का बढ़ता कहर: 9 महीने की बच्ची समेत 9 नए मरीज मिले (AI Generated Image)

    पोटका में ब्रेन मलेरिया का बढ़ता कहर: 9 महीने की बच्ची समेत 9 नए मरीज मिले (AI Generated Image)

    HighLights

    1. पोटका में ब्रेन मलेरिया के 9 नए मामले सामने आए।

    2. इनमें पीएमश्री केजीबीवी की तीन छात्राएं भी शामिल हैं।

    3. स्वास्थ्य विभाग ने जांच और जागरूकता अभियान तेज किया।

    संवाद सूत्र, पोटका। पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 9 माह की एक सबर बच्ची सहित कुल 9 नए मरीजों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है। इनमें पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (केजीबीवी) पोटका की तीन छात्राएं भी शामिल हैं। बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।

    गौरतलब है कि एक दिन पहले केजीबीवी की छात्रा लख्खी सरदार और हितबासा निवासी राहुल सरदार की ब्रेन मलेरिया से मौत हो चुकी है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में जांच और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।

    केजीबीवी की तीन छात्राएं और एक अभिभावक संक्रमित

    शुक्रवार को बुखार की शिकायत पर केजीबीवी पोटका की तीन छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका में भर्ती कराया गया। ब्लड जांच में प्रियंका महाकुड़ (कक्षा 10), लक्ष्मी टुडू (कक्षा 6), सुकुरमुनी भूमिज (कक्षा 8) तथा प्रियंका महाकुड़ की मां सलमा महाकुड़ में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई।

    मां-बेटी समेत अन्य मरीज भी पाए गए संक्रमित

    चांदपुर गांव की संप्रिया सिंह और उनकी बेटी कार्तिक सिंह को भी तेज बुखार के बाद सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां जांच में दोनों ब्रेन मलेरिया पॉजिटिव पाए गए।

    वहीं, पिटीदिरी गांव के एम सबर, मिंकी सबर तथा 9 माह की एक सबर बच्ची की हालत गंभीर होने और बुखार नहीं उतरने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।

    सानग्राम में कैंप, 68 लोगों की जांच

    केजीबीवी की छात्रा लख्खी सरदार की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सानग्राम गांव में विशेष जांच शिविर लगाया। शिविर में 68 लोगों की मलेरिया जांच की गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति मलेरिया पॉजिटिव नहीं मिला।

    खबरें और भी

    स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सलाह

    सीएचसी पोटका की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि हितबासा और सानग्राम में मलेरिया एवं ब्रेन मलेरिया की जांच के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।

    उन्होंने लोगों से मच्छरों से बचाव के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर के आसपास जलजमाव नहीं होने देने तथा बुखार आने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।

    उन्होंने बताया कि ब्रेन मलेरिया के लक्षण संक्रमित मच्छर के काटने के लगभग 10 से 14 दिनों के भीतर दिखाई देने लगते हैं, इसलिए समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है।